नई दिल्ली:– अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत की अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकोनॉमी’ कहने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार को घेरने की कोशिश की.
उन्होंने कहा कि ट्रंप सही बोल रहे हैं. लेकिन इसके बाद राहुल गांधी की पार्टी के ही दो सीनियर नेताओं ने ये बयान दिया कि भारतीय अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही है.
भारत पर 25 फ़ीसदी के टैरिफ़ के ऐलान के एक दिन बाद डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और रूस के बीच क़ारोबार पर तीखा हमला करते हुए कहा था दोनों ‘डेड इकोनॉमी’ हैं.
उन्होंने कहा था कि भारत और रूस अपनी बर्बाद अर्थव्यवस्थाओं को एक साथ गर्त में ले जा सकते हैं और उन्हें इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता.
जब संसद परिसर में राहुल गांधी से डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान पर मीडिया ने सवाल किया तो उन्होंने कहा, “हां, वो (ट्रंप) सही हैं. प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को छोड़कर हर कोई यह जानता है.”
उन्होंने कहा कि हर कोई जानता है कि भारत एक ‘डेड इकोनॉमी’ है.
राहुल गांधी ने संसद के बाहर पत्रकारों से कहा, ”मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने ये फैक्ट कहा है. फिर आप क्यों ये सवाल पूछ रहे हैं. पूरी दुनिया जानती है कि भारतीय अर्थव्यवस्था एक ‘डेड इकोनॉमी’ है. बीजेपी ने इस इकोनॉमी को खत्म किया है. क्यों खत्म किया है? अदानी की मदद करने के लिए अर्थव्यवस्था को खत्म कर दिया है.”
राहुल गांधी ने कहा, ”आज भारत के सामने सबसे बड़ा मुद्दा यही है कि सरकार ने हमारी इकोनॉमिक पॉलिसी को खत्म कर दिया है. हमारी रक्षा नीति, विदेश नीति को भी नष्ट कर दिया है.”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी केवल एक व्यक्ति के लिए काम करते हैं. वो अदानी के लिए काम करते हैं. देश के सारे के सारे छोटे कारोबार उड़ा दिए गए. भारत और अमेरिका के बीच सौदा होगा और प्रधानमंत्री मोदी वही करेंगे जो ट्रंप कहेंगे.
उन्होंने कहा कि भारत की ख़राब अर्थव्यवस्था के लिए नोटबंदी और गलत तरीके से लागू की गई जीएसटी जिम्मेदार हैं.
राहुल गांधी ने सरकार के “मेक इन इंडिया” पर तंज कसते हुए कहा कि “असेंबल इन इंडिया” की योजना पूरी तरह फेल हो गई है.
उन्होंने कहा कि एमएसएमई खत्म हो गए हैं. किसानों को कुचल दिया गया है.
