मध्य प्रदेश: आज राहुल गांधी एमपी के दौरे पर रहेंगे. चुनावी समर में ये उनका दूसरा मध्य प्रदेश दौरा है. प्रियंका गांधी भी आज एमपी में चुनावी सभाएं करेंगी. वहीं पीएम मोदी भी आज चुनावी सभाएं संबोधित करने के लिए मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे.
राहुल गांधी का दूसरा मध्य प्रदेश दौरा
कांग्रेस नेता और स्टार प्रचारक राहुल गांधी गुरुवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे अशोकनगर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. राहुल गांधी जबलपुर की पश्चिम, उत्तर-मध्य और पूर्व विधानसभा में भी रोड शो करेंगे. इसके अलावा जबलपुर की एक नुक्कड़ सभा में भी वे शामिल होंगे. बता दें कि चुनावी समर में ये राहुल गांधी का दूसरा मध्य प्रदेश दौरा है. इससे पहले 10 अक्टूबर को राहुल गांधी ने विशाल जनसभा को संबोधित किया था.
राहुल गांधी अन्य चुनावी राज्यों में दौरे कर रहे थे, लेकिन मध्य प्रदेश की चुनावी सभाओं में लंबे समय से शामिल नहीं हुए. इससे कयास लगाए जा रहे थे कि कमलनाथ और राहुल गांधी के बीच अनबन हो गई है.
विंध्य में प्रियंका गांधी
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश में प्रचार-प्रसार की कमान काफी हद तक अपने हाथों में ले रखी है. वे लगातार एमपी में दौरे कर रही हैं.माना जा रहा है कि कांग्रेस महिला मतदाताओं को अपने पाले में करना चाहती है, यही वजह है कि प्रियंका गांधी बार-बार मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रही हैं. वे लगातार महिलाओं से जुड़े मुद्दे प्रचार के दौरान उठा रही हैं. प्रियंका गांधी आज रीवा, सतना और चित्रकूट के मझगंवा में सभाएं करेंगी.
पीएम मोदी करेंगे चुनावी सभाएं
मध्य प्रदेश में बीजेपी के चुनाव प्रचार की कमान पीएम मोदी ने अपने हाथों में ले रखी है. प्रधानमंत्री लगातार मध्य प्रदेश में चुनावी सभाएं कर रहे हैं. आज वे सतना और छतरपुर में प्रचार करेंगे. पीएम मोदी दोपहर 12 बजे स्टेडियम में अपना उद्बोधन देंगे.
केजरीवाल यहां करेंगे चुनावी सभा
आम आदमी पार्टी भी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में अपनी पूरी ताकत झोंक रही है. आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल मध्य प्रदेश में डेरा जमाए हुए हैं. बुधवार को उन्होंने गुना के चाचौड़ा में ममता मीणा के समर्थन में रोड शो किया.गुरुवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान सेंवढ़ा विधानसभा में आप प्रत्याशी संजय दुबे के समर्थन में इंदरगढ़ में रोड शो करेंगे.
