नई दिल्ली:- रेल मंत्रालय ने सोमवार को एक आधिकारिक सर्कलर जारी कर मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में नॉन-एसी क्लास के किराए में एक पैसा और सभी एसी क्लास में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की है. इससे पहले मंत्रालय के अधिकारियों ने 24 जून को प्रस्तावित किराया संशोधन के संकेत दिए थे. हालांकि, ट्रेनों और श्रेणियों के अनुसार किराया तालिका के साथ आधिकारिक परिपत्र सोमवार को जारी किया गया.
डेली यात्रियों के हित में उपनगरीय ट्रेनों और मासिक सीजन टिकटों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है. ओर्डिनरी सेकंड क्लास के किराए में 500 किलोमीटर तक की वृद्धि नहीं की गई है. वहीं, अधिक दूरी के लिए टिकट की कीमतों में आधा पैसा प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है.
ओटीपी ऑथेंटिकेशन
इसी तरह ओर्डिनरी स्लीपर क्लास और फर्स्ट क्लास के यात्रियों को भी एक जुलाई से ट्रेन यात्रा के लिए आधा पैसा प्रति किलोमीटर अधिक देना होगा. मंत्रालय ने बताया, “तेजस राजधानी, राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, हमसफर, अमृत भारत, तेजस, महामना, गतिमान, अंत्योदय, गरीब रथ, जन शताब्दी, युवाएक्सप्रेस, साधारण सेवाएं (गैर-उपनगरीय), अनुभूति कोच और एसी विस्टाडोम कोच जैसी ट्रेन सेवाओं के मौजूदा मूल किराए को अधिसूचित संशोधित किराए के अनुसार वर्गवार किराए में वृद्धि की सीमा तक संशोधित किया गया है.
यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी कि आवश्यक निर्देश और संशोधित यात्री किराया तालिका कर्मचारियों को पहले से ही सूचित कर दी जाए. यह सुनिश्चित करने के लिए भी कदम उठाए जाने चाहिए कि संबंधित कर्मचारी इन परिवर्तनों को पूरी तरह से समझें और उन्हें ठीक से लागू करें. क्षेत्रीय रेलवे 1 जुलाई से किराए और किराया तालिका में संशोधन का व्यापक प्रचार-प्रसार मीडिया के माध्यम से और स्टेशनों पर अधिसूचनाओं और घोषणाओं के माध्यम से करेंगे.
ओटीपी ऑथेंटिकेशन
बता दें कि मंत्रालय ने यह भी घोषणा की थी कि 15 जुलाई 2025 से यात्रियों को तत्काल टिकट बुक करते समय आधार-आधारित ओटीपी ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा. इसके साथ ही कल से तत्काल टिकट बुक करने के लिए अपने IRCTC अकाउंट से आधार से लिंक करना जरूरी हो जाएगा.
इस संबंध में रेलवे का कहना है कि इससे तत्काल टिकट बुकिंग में हो रहे फर्जीवाड़े को रोकने में मदद मिलेगी. गौरतलब है कि IRCTC को लिंक करने के लिए आधार से अपना लेटेस्ट मोबाइल नंबर लिंक रखें. क्योंकि आधार वेरिफिकेशन और लिंक के लिए ओटीपी इसी नंबर पर आएगा.
बुकिंग एजेंटों पर भी प्रतिबंध
रेलवे ने अधिकृत बुकिंग एजेंटों पर भी प्रतिबंध लगा दिए हैं. ये एजेंट अब बुकिंग विंडो के पहले 30 मिनट के दौरान तत्काल टिकट बुक नहीं कर सकते हैं. एजेंट एसी क्लास के लिए सुबह 10 बजे से 10 बजकर 30 मिनट तक और नॉन-एसी क्लास के लिए सुबह 11 बजे से 11 बजकर 30 मिनट तक ही टिकट बुक कर सकेंगे.
