भोपाल: – तेलुगू सुपरस्टार राम चरण अपनी आगामी स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म ‘पेद्दी’ के प्रमोशन के दौरान भोपाल में हुई एक इवेंट में बड़ी जुबानी गलतियों की वजह से सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का शिकार हो गए। राजधानी भोपाल में फिल्म के नए गाने ‘Hellallallo’ के लॉन्च इवेंट में राम चरण ने पहले भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को गलती से “फुटबॉलर” कह दिया, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचना झेलनी पड़ी। बाद में उन्होंने एक्स (X) पर पोस्ट कर बुमराह से माफी भी मांगी।
लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। इवेंट के दौरान राम चरण ने भोपाल और मध्यप्रदेश के लोगों को बार-बार “बिहार के लोग” कहकर संबोधित कर दिया। वायरल वीडियो में राम चरण कहते नजर आए, “हमारे बिहार के लोगों को… बिहार के लोग आप मेरे साथ हैं?” इसके बाद उन्होंने “थैंक्यू बिहार” भी कहा। हालांकि मंच पर मौजूद एंकर ने तुरंत उन्हें संकेत दिया कि कार्यक्रम मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में हो रहा है, बिहार में नहीं। अपनी गलती का एहसास होते ही राम चरण ने तुरंत सुधार करते हुए भोपाल और मध्यप्रदेश के लोगों का धन्यवाद किया।
हालांकि सोशल मीडिया यूजर्स ने इस चूक को लेकर अभिनेता को जमकर ट्रोल किया। कई लोगों ने कहा कि किसी राज्य में जाकर वहां के लोगों और जगह का नाम तक याद न रखना स्टार्स की लापरवाही दिखाता है। वहीं कुछ फैंस ने इसे सिर्फ जुबान फिसलने वाली सामान्य गलती बताते हुए अभिनेता का बचाव भी किया।
भोपाल में हुए इस भव्य म्यूजिक लॉन्च इवेंट में राम चरण के साथ ए.आर. रहमान, जाह्नवी कपूर और दिव्येंदु शर्मा समेत फिल्म की पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही। राम चरण ने अपने डांस और एनर्जी से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उनकी फिल्म ‘पेद्दी’ 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में राम चरण एक दमदार स्पोर्ट्समैन के किरदार में नजर आएंगे, जिसके लिए उन्होंने क्रिकेट ट्रेनिंग से लेकर पहलवान जैसी फिट बॉडी बनाने तक कड़ी मेहनत की है।
