भिलाई
दुर्ग जिला के भिलाई में एक दुष्कर्म के आरोपी ने बल्ब खाकर जान देने की कोशिश की है। 30 वर्षीय आरोपी का नाम यश गोड़ है। शनिवार की देर रात आरोपी एक घर में चोरी के इरादे से गया। वहां उसने महिला को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसका मोबाईल चोरी कर वहां से फरार हो गया।
स्मृति नगर स्थित स्लम बस्ती में रहने वाली महिला ने इसकी शिकायत स्मृति नगर चौकी में दर्ज कराई। घटना के बाद पुलिस ने आस-पास लगे CCTV फुटेज की जांच की जिसके बाद आरोपी की पहचान कर उसे फरीद नगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस उसे थाना ले आई जहां आरोपी ने पहले बाथरूम जाने की बात कही।
बाथरूम जाकर आरोपी ने वहां जलता हुआ बल्ब खा लिया। आरोपी ने इसके बाद जोर-जोर से चिल्लाना शुरु कर दिया। जैसे ही पुलिस कर्मी अंदर गया आरोपी के मुंह से खून निकलता देख वे भी दंग रह गए। आरोपी को फौरन सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया गया।