रायपुर:- रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ के सभी विधायकों और सांसदों को महाकुंभ स्नान में शामिल होने के लिए पत्र लिखा है. विधानसभा अध्यक्ष ने अपने पत्र के जरिए जनप्रतिनिधियों से पावन प्रयागराज जाने की गुजारिश की है. डॉ रमन सिंह ने सभी से 13 फरवरी को प्रयागराज पहुंचने की बात कही है. विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने पत्र लिखकर कहा है कि गंगा, यमुना और सरस्वती के पावन त्रिवेणी संगम पर आयोजित धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए सनातन लोकतांत्रिक परंपराओं का सजीव अनुभव करने का अवसर मिलने वाला है.
महाकुंभ स्नान में शामिल होने के लिए लिखा पत्र: रमन सिंह ने पत्र में लिखा है कि इस महाकुंभ में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी छत्तीसगढ़ विधानसभा के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया है. दोनों राज्यों के विधायकों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से यह आयोजन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से और भी ऐतिहासिक होगा. रमन सिंह ने सभी सांसदों से अनुरोध किया है कि वे अपनी सहमति संतोष पांडेय के माध्यम से सहमति जाहिर करें.
”सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता होगी मजबूत”: अपने पत्र में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लिखा कि महाकुंभ न केवल आस्था का संगम है, बल्कि यह सनातन संस्कृति एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत प्रतीक भी है. छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधियों की इसमें सहभागिता राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता को और अधिक मजबूती देगा.