मैनपुरी: यूपी के मैनपुरी जिले में एक रिटायर्ड फौजी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आठ साल से चली आ रही जमीन की रंजिश में हत्यारोपियों ने पहले फौजी को गोली मारी, इसके बाद फावड़े से ताबड़तोड़ प्रहार किए। जिससे फौजी ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही एसपी आलाधिकारियों के साथ पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद हत्याआरोपी फरार हो गए हैं।
घटना अपराह्न 11:30 की है। घिरोर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला आशा निवासी 65 वर्षीय रिटायर्ड सैनिक रामसनेहीलाल पुत्र गोपीराम यादव अपने घर के बगल में स्थित खेत पर काम कर रहे थे। मृतक के पुत्र ने बताया कि तभी ग्रामवासी सत्येंद्र यादव, जगदीश यादव, नीरज यादव, सतीश और विजेंद्र यादव ने उन्हें घेर लिया। पहले उन्हें गोली मारी इसके बाद वहीं पर रखे फावड़े से उनके ऊपर कई बार किए। फावड़े से उनकी गर्दन कट गई। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।