नई दिल्ली:- अपडेटेड रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 और क्लासिक 650 मोटरसाइकिल इस साल भारतीय सड़कों पर आने वाली हैं. क्लासिक 350 के लिए, यह नए ‘J’ प्लैटफॉर्म पर शिफ्ट होने के बाद पहला अपडेट होगा. हालांकि 2024 रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 फेसलिफ्ट के बारे में ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है. लेकिन इसमें कुछ कॉस्मेटिक बदलाव जैसे कि ऑल-LED लाइटिंग और ट्यूबलेस टायर के साथ नए अलॉय व्हील होने की उम्मीद है. इसके अलावा, रॉयल एनफील्ड बाइक की अपील को बढ़ाने और अपने सेगमेंट में बेहतर प्राइस प्वाइंट के साथ कई नए फीचर्स से लैस हो सकती है.
पावरट्रेन और हार्डवेयर
पावरट्रेन के मामले में, इंजन में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है. 2024 रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 में 349cc सिंगल-सिलेंडर एयर-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन मिलता रहेगा, जो कि रॉयल एनफील्ड मेटियर में भी मिलता है. इस इंजन में वाइब्रेशन को कम करने के लिए एक एक्सट्रा काउंटर-बैलेंसर शाफ्ट है, जो 20.2bhp की पावर और 27Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इसके सस्पेंशन सेटअप में टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स और ट्विन गैस-चार्ज्ड रियर सस्पेंशन मिलते रहने की उम्मीद है. यह बाइक फ्रंट और रियर डिस्क ब्रेक और डुअल-चैनल ABS से लैस होगी.
2024 रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650
2024 रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650, क्लासिक 350 से काफी मिलती-जुलती होगी, जिसमें क्रोम रिम, सिग्नेचर पायलट लैंप, गोल इंडिकेटर और मिरर और एक नई टेललाइट के साथ गोल हेडलाइट होगी. स्पाई तस्वीरों से पता चलता है कि क्लासिक 650 में रॉयल एनफील्ड इंटरसेप्टर 650 की तुलना में मिड-सेट फुटपेग और लंबा हैंडलबार और ज्यादा आरामदायक सीटिंग होगी. इसमें मटर-शूटर एग्जॉस्ट पाइप, क्रोम थ्रॉटल बॉडी कवर और एक गोल टेललाइट भी मिलेगी. क्लासिक 650 के सस्पेंशन सेटअप में ट्रेडिशनल टेलिस्कोपिक फोर्क्स मिलेंगे.
कितनी होगी कीमत
कीमत की बात करें तो, नई 2024 रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 फेसलिफ्ट की कीमत मौजूदा मॉडल के समान ही रहने की संभावना है. वहीं, रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650 की एक्स शोरूम कीमत 3.3 लाख रुपये से 3.7 लाख रुपये के बीच रहने का अनुमान है.
