नई दिल्ली:- प्रीमियम मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी BMW Motorrad India ने अपनी दो सबसे किफ़ायती बाइक्स BMW G 310 GS और BMW G 310 R को लगभग 7 साल तक बिक्री के बाद अपने लाइनअप से हटा दिया है. हालांकि BMW Motorrad ने अभी तक इस घटनाक्रम के बारे में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है.
माना जा रहा है कि अगर यह सच है, तो इसके कई कारण हो सकते हैं, जिसमें दोनों मोटरसाइकिलों की घटती लोकप्रियता भी शामिल है. इसके साथ ही, इन दोनों की फेयर्ड सिबलिंग BMW G 310 RR, जो कि मूल रूप से TVS RR 310 का रीबैज वर्जन है, अब BMW की लाइनअप में सबसे किफ़ायती मोटरसाइकिल बन गई है.
साल 2018 में लॉन्च हुईं थी दोनों मोटरसाइकिल
बता दें कि BMW Motorrad ने साल 2018 में BMW G 310 R और BMW G 310 GS को लॉन्च किया गया था और TVS Motor Company और BMW Motorrad के बीच साझेदारी के बाद TVS Motor की TVS Apache RR 310 भी सामने आई. BMW की इन दोनों मोटरसाइकिलों को भारत में बनाया गया था.
ये दोनों बाइक्स आकार और विस्थापन के मामले में जर्मन मोटरसाइकिल कंपनी द्वारा पेश की जाने वाली सबसे छोटी मोटरसाइकिल थीं. इन बाइक्स का निर्माण TVS मोटर कंपनी के बेंगलुरु के पास होसुर स्थित प्लांट में किया गया था और उन्हें विदेशी बाजारों में भी निर्यात किया गया था. BMW ने 2018 में देश में इन बाइक्स की 1,640 यूनिट्स बेचीं, जो उस समय कंपनी की कुल बिक्री का 75 प्रतिशत था.
BMW G 310 GS और BMW G 310 R का पावरट्रेन
इन दोनों बाइक्स में एक ही 313cc, सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलता था, जो 9,500 आरपीएम पर 34 बीएचपी की पावर और 7,500 आरपीएम पर 28 एनएम का अधिकतम टॉर्क प्रदान करता है. इन दोनों बाइक्स में इस इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स को जोड़ा गया था. BMW G 310 R की अधिकतम गति 145 किमी प्रति घंटा थी, जबकि GS वर्जन की अधिकतम रफ्तार 143 किमी प्रति घंटा तक थी.
हालांकि माना जा रहा है कि BMW के 310 मॉडल को बंद करने का कारण एक बिल्कुल नए प्लेटफॉर्म के लिए रास्ता तैयार करना भी हो सकता है, जो कि सब-500cc मोटरसाइकिल सेगमेंट में अपनी तरह का अनूठा प्लेटफॉर्म होगा. संभावना जताई जा रही है कि BMW Motorrad अपने बिल्कुल नए 450cc, पैरेलल-ट्विन प्लेटफॉर्म के साथ 310 मॉडल द्वारा छोड़ी गई जगह को भरेगा, जिनमें से पहला एडवेंचर बाइक हो सकता है.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि BMW ने EICMA 2024 में अफनी BMW F 450 GS का खुलासा किया ता और बाद में इसे भारत में हुए Auto Expo 2025 में पेश किया गया. यह मोटरसाइकिल BMW Motorrad की ओर से आम जनता के लिए अपेक्षाकृत सस्ती एडवेंचर टूरर के रूप में G 310 GS द्वारा छोड़े गए अंतर को भरने का काम करेगी.
जानकारी के अनुसार, उत्पादन के लिए तैयार BMW F 450 GS का आधिकारिक डेब्यू 2025 के अंत तक किया जा सकता है, और संभावना जताई जा रही है कि नवंबर 2025 में EICMA ट्रेड शो में इसका खुलासा किया जाएगा. कंपनी 310 मॉडल की तरह ही, BMW F 450 GS का निर्माण भी TVS द्वारा भारत में किया जा सकता है.