मुंबई, 17 फरवरी। शिवसेना प्रवक्ता एवं राज्य सभा सदस्य संजय राउत ने आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता किरीट सोमैया पर यह कहते हुए फिर आरोप लगाया है कि उन्होंने 7500 करोड़ रुपये का घोटाला किया है।
श्री राउत ने गुरुवार को सुबह यहां संवाददाताओं से कहा कि श्री सोमैया ने पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस के कार्यकाल में 7500 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला किया है। उन्होंने कहा कि श्री सोमैया ने श्री फडनवीस, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय के नाम पर कथित रूप से धन उगाही की थी।
श्री राउत ने कहा कि उनके पास श्री सोमैया के खिलाफ सभी दस्तावेजी सबूत हैं और इन सबूतों को लेकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के घर वर्षा पर जा रहा हूँ।
मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ‘वर्षा’ बंगले में बैठक चल रही है, जिसमें गृह मंत्री दिलीप वलसे-पाटिल भी शामिल हुए हैं।
श्री राउत ने कहा कि श्री फडनवीस के कार्यकाल में प्रदेश में 2500 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला हुआ था। घपलेबाजों में से एक अमोल काले अब फरार है। वह विदेश भाग गया है।
इस बीच, अमोल काले ने श्री राउत के बयान का जवाब दिया, उन्होंने एक निजी समाचार चैनल से कहा कि वह फरार नहीं है, वह देश में हैं। अमोल काले ने कहा कि उन्होंने कभी महाराष्ट्र सरकार का कोई टेंडर नहीं लिया।
श्री अमोल काले, मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि वह एक निजी व्यवसायी हैं लेकिन कभी राज्य सरकार का कोई टेंडर नहीं लिया।