
लखनऊ की तहसील सदर के अटल कक्ष में उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी की बैठक सम्पन्न हुई जिसमे 22 जिलों के जिलाध्यक्षों ने प्रतिभाग किया। बैठक का शुभारम्भ प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सुलोचना मौर्या द्वारा माँ सरस्वती का वन्दन कर किया गया। बैठक में चार महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर आगामी कार्ययोजना पर समस्त जिलाध्यक्षों के साथ चर्चा की गयी पुरानी पेंशन बहाली पर विशेष अभियान माह दिसम्बर से चलाने हेतु चरणबद्ध योजना की जानकारी दी गयी। वर्तमान समय में बेसिक शिक्षा में सम्पूर्ण सेवाकाल में दो बार पदोन्नति की जाती है। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ द्वारा सर्वप्रथम तीसरी पदोन्नति की मांग भी सरकार के समक्ष रखी गयी। इस हेतु भी सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान चलाने की रूपरेखा की चर्चा की गयी। वर्तमान समय में सभी जनपदों में पदोन्नति की प्रक्रिया भी गतिमान है, जिसके सापेक्ष प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सुलोचना मौर्या द्वारा समस्त जिलाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे इस अत्यधिक महत्वपूर्ण प्रक्रिया व वरीयता सूची निर्माण में उचित ध्यान देंगे जिससे कि हमारी कोई भी महिला साथी का नाम इस प्रक्रिया में छूट न जाए।

अन्तिम बिन्दु के रूप में आकाक्षी जनपदों में स्थानन्तरण की रणनीति पर चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महोदया द्वारा इस बात पर विशेष बल दिया गया कि महिला शिक्षिकाओं को जहाँ तक सम्भव हो सड़क के किनारे के विद्यालयों में स्थानान्तरित किया जाए। प्रदेश अध्यक्ष महोदया द्वारा सभी जिलाध्यक्षों से उनका औपचारिक परिचय के साथ समस्याओं पर भी चर्चा की गयी।बैठक के समापन पर उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों को अपने जनपदों की समस्याओं को लिखित रूप में प्रदेश मीडिया प्रभारी को उपलब्ध कराने को कहा किन्तु उनके द्वारा समस्या को सम्बन्धित अधिकारी के संज्ञान में भी लाने को कहा गया। प्रदेश अध्यक्ष महोदया द्वारा इस बात पर विशेष बल दिया गया कि हमारी महिला साथी 8.30 बजे विद्यालय अवश्य पहुॅचे जिससे कि हम समाज में एक अच्छा सन्देश दे सके और हमारे साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके। जनपद कानपुर नगर से संरक्षक श्रीमती पूनम दीक्षित, जिलाध्यक्ष श्रीमती रूचि त्रिवेदी, जिला उपाध्यक्ष सुश्री पल्लवी शर्मा एवं जिला उपाध्यक्ष डॉ अलका गुप्ता ने उक्त बैठक में प्रतिभाग किया। ब्लॉक चौबेपुर से ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती अर्चना सागर, श्रीमती नीता अहिरवार, श्रीमती मयूरी, ब्लॉक शिवराजपुर से श्रीमती रेनू वर्मा ने भी बैठक में प्रतिभाग किया।
टीवी 36 हिन्दुस्तान के लिए डिस्ट्रिक्ट ब्यूरो सतेन्द्र कुमार के साथ धीरेन्द्र सोनी की रिपोर्ट