नई दिल्ली:– भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शुमार रहे वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह निधन हो गया। 93 वर्षीय मल्होत्रा दिल्ली की राजनीति में भाजपा का चेहरा रहे हैं और पार्टी को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका को हमेशा याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया।
विजय कुमार मल्होत्रा का जन्म दिसंबर 1931 में लाहौर (वर्तमान पाकिस्तान) में हुआ था। वे पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे। 1972 से 1975 तक वे दिल्ली जनसंघ के अध्यक्ष रहे और बाद में दो बार भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष (1977–80 और 1980–84) के पद पर कार्यरत रहे। दिल्ली भाजपा के अनुसार, मल्होत्रा का सक्रिय राजनीतिक योगदान केदारनाथ साहनी और मदन लाल खुराना जैसे नेताओं के साथ रहा। उन्होंने पार्टी को जमीनी स्तर पर खड़ा किया और संगठन को मजबूत किया।
1999 में मनमोहन सिंह को दी थी चुनावी शिकस्त
विजय कुमार मल्होत्रा की सबसे बड़ी राजनीतिक जीत 1999 के लोकसभा चुनाव में मानी जाती है, जब उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को दिल्ली से हराया था। इसके अलावा 2004 में दिल्ली से भाजपा के एकमात्र विजयी उम्मीदवार के रूप में भी वे चर्चा में रहे। पिछले 45 वर्षों में 5 बार सांसद और 2 बार विधायक रहे मल्होत्रा, दिल्ली की राजनीति में भाजपा के सबसे अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शोक संदेश में लिखा, “जीवनपर्यंत जनसेवा में समर्पित रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन से गहरा दुख हुआ है। वे जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी। दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।” मोदी ने कहा कि संसद में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
दिल्ली भाजपा ने बताया मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मल्होत्रा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “उनका जीवन सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण की मिसाल था। जनसंघ के समय से ही उन्होंने आरएसएस की विचारधारा के प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाई।” सचदेवा ने उन्हें भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए “प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक” बताया।
दिल्ली के एम्स अस्पताल की ओर से जारी बयान के अनुसार, विजय कुमार मल्होत्रा को कुछ दिनों से स्वास्थ्य समस्याएं थीं और इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उनका निधन हो गया।