एयर इंडिया विमान में चौंकाने वाली घटना सामने आई है। विमान के भीतर नशे में धुत व्यक्ति ने महिला यात्री पर पेशाब कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार बुजुर्ग महिला के ऊपर आदमी ने पेशाब कर दिया। दरअसल बुजुर्ग महिला बिजनेस क्लास में बैठी थीं, इसी दौरान विमान के भीतर सह यात्री ने यह शर्मनाक हरकत की है। यह घटना न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में हुई है। इस घटना के बाद महिला ने केबिन क्रू को इसकी जानकारी दी। लेकिन क्रू मेंबर ने सह यात्री के बर्ताव पर कोई कार्रवाई नहीं की और यात्री दिल्ली में फ्लाइट के लैंड होने के बाद आराम से चला गया।
26 नवंबर 2022 की घटना लेकिन विमान लैंड होने के बाद महिला ने टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन से इसकी लिखित शिकायत की, जिसके बाद एयर इंडिया ने इस मामले की जांच शुरू की। एयर इंडिया के अधिकारियों ने इस बाबत आधिकारिक बयान दिया है। एयर इंडिया के अधिकारी ने बताया कि नशे में धुत एक पुरुष यात्री ने 26 नवंबर 2022 को बुजुर्ग महिला सह यात्री पर एयर इंडिया विमान के भीतर पेशाब कर दिया था। एयर इंडिया ने इस घटना के बाद आरोपी यात्री के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है।
सबकुछ पेशाब से भिगा दिया
जानकारी के अनुसार यह घटना उस वक्त हुई जब केबिन की लाइट खाने के बाद कम कर दी गई थी। बुजुर्ग महिला ने बताया कि उसके कपड़े, बैग, जूते पेशाब में भीग गए थे। शिकायत करने के बाद बुजुर्ग महिला को क्रू ने एक पायजामा, चप्पल दी और वापस अपनी सीट पर जाने को कहा। बावजूद इसके किए विमान में कई फर्स्ट क्लास सीट खाली थीं, महिला को दूसरी सीट नहीं दी गई। यही नहीं बुजुर्ग महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि विमान के क्रू ने आरोपी आदमी के खिलाप कोई कार्रवाई नहीं की और विमान लैंड करने के बाद उसे जाने दिया।