छत्तीसगढ़:- अंबिकापुर जिले में शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने नकली घी बनाने के ठिकाने पर छापा मारकर लगभग 4 हजार किलो नकली घी जब्त कर ली है। आशंका है कि, ये घी नवरात्रि के दौरान मंदिरों में दीप जलाने के लिए सप्लाई हो सकते थे। इस मामले में सबसे खास बात यह है कि, इस फैक्ट्री के मालिक ने स्वीकार किया है कि, हां. वह नकली घी बनाता है।
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, प्रशासन को शिकायत मिली थी कि, शहर के बाबूपारा में एक किराए के मकान में घी बनाने का धंधा चल रहा है। जब प्रशासन के अधिकारी खाद्य व औषधि प्रशासन की टीम के साथ वहां पहुंचे तो देखकर हैरान रह गए। वहां खुलेआम वनस्पति और रिफाइंड आइल को मिलाकर नकली घी बनाया जा रहा था। वनस्पति घी को गर्म कर रिफाइंड तेल मिलाया जा रहा था। इससे नकली घी तैयार कर पीपों में भरा जा रहा था।
इस कारोबार को अंजाम देने वाले महाराष्ट्र के रहने वाले युवक ने इस कारोबार की सच्चाई का खुलासा किया। उसने बताया कि, बहुत से लोग ऐसा अवैध काम करते हैं इसलिए वो भी कर रहा है। युवक ने बताया कि घी नवरात्रि के समय मंदिरों में सप्लाई करने के लिए तैयार किया जा रहा था।
इस ठिकाने पर जब प्रशासन व खाद्य विभाग की टीम पहुंची तो यहां मिलावट का काम चल रहा था। उनके पास न तो कोई लाइसेंस था और न ही गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा था। इस नकली घी के पीपों पर मार्क भी नहीं किया गया था कि, ये खाने योग्य नहीं है।
