नई दिल्ली:– देश की राजधानी की राजनीति का नक्षत्र कहे जाने वाले रोहिणी विधानसभा क्षेत्र के चुनाव पर इस बार भी सबकी नजर टिकी हैं। यह चर्चित सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बनी है, जबकि विपक्ष की साख यहां दांव पर लगी है।
इस सीट से लगातार दो बार चुनाव जीतने वाले भाजपा के विजेंद्र गुप्ता निवर्तमान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। इस चुनाव में विजेंद्र गुप्ता जीत की हैट्रिक के लिए मेहनत कर रहे हैं तो लगातार दो हार का सामना करने वाली आम आदमी पार्टी पराजय के सिलसिले को तोड़ने के लिए प्रयासरत है।
वहीं, 17 साल से जीत का इंतजार कर रही कांग्रेस जीत के सूखे को खत्म करना चाहेगी। कांग्रेस ने अभी तक यहां से अपना प्रत्याशी तय नहीं किया है। फिलहाल भाजपा के दो बार विधायक बने विजेंद्र गुप्ता के खिलाफ आप ने अपने निगम पार्षद प्रदीप मित्तल को उतारा है।
रोहिणी विधानसभा सीट वर्ष 2008 में अस्तित्व में आई थी। अब तक हुए चार चुनावों में से तीन में भाजपा और एक बार आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस यहां से कभी चुनाव नहीं जीत पाई है। अब तक के चुनावी नतीजे बताते हैं कि रोहिणी भाजपा का सुरक्षित राजनीतिक दुर्ग है। 2015 में जब राजधानी में आम आदमी पार्टी के पक्ष में प्रचंड लहर चल रही थी, उस दौर में रोहिणी से भाजपा प्रत्याशी विजेंद्र गुप्ता ने विजय हासिल की थी।
पूरी दिल्ली में भाजपा केवल तीन सीट जीत सकी थी, इनमें रोहिणी शामिल थी। यहां से नगर निगम चुनाव में भी भाजपा का दबदबा है। रोहिणी विधानसभा के अंतर्गत आने वाले सभी चारों नगर निगम वार्ड से भाजपा के निगम पार्षद चुने गए हैं।
बेशक आम आदमी प्रत्याशी यहां से लगातार दो चुनाव हार चुके हैं, लेकिन 2015 में आप उम्मीदवार 45.38 और 2020 में 42.75 प्रतिशत मत हासिल किए थे। 2013 के चुनाव में आप प्रत्याशी राजेश गर्ग ने भाजपा के जयभगवान अग्रवाल को हराया था। इस सीट से कांग्रेस का प्रदर्शन चुनाव-दर-चुनाव लगातार गिर रहा है।
वर्ष 2008 के चुनाव में कांग्रेस ने 33.66 प्रतिशत मत प्राप्त किए थे, पिछले चुनाव में मत प्रतिशत सिमटकर महज 1.69 पर आ पहुंचा। पिछले चुनावों के आंकड़ों बता रहे हैं कि भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच ही सीधा मुकाबला होता आ रहा है।
इस बार आम आदमी पार्टी ने रिठाला विधानसभा के अंतर्गत नगर निगम वार्ड-21 से पार्षद प्रदीप मित्तल को रोहिणी से अपना उम्मीदवार बनाया है। प्रदीप मित्तल का यह पहला विधानसभा चुनाव है।
रोहिणी में हैं हाउसिंग बड़ी संख्या में सोसायटी
बहुमंजिला हाउसिंग सोसायटी वाले इस क्षेत्र में व्यापारी तबका बड़ी संख्या में रहता है। क्षेत्र में डेढ़ से ज्यादा सोसायटी हैं, इनमें एक लाख से अधिक लोग रहते हैं। क्षेत्र में छोटे-बड़े उद्योगपति, व्यापारी व दुकानदारों की संख्या ज्यादा है। नाहरपुर, रजापुर, राजा विहार, अमर कॉलोनी आदि कुछ हिस्सा ग्रामीण भी है। वैश्य-पंजाबी बिरादरी बाहुल्य इस क्षेत्र में लगभग सभी जाति-समुदाय के लोग रहते हैं।
रोहिणी विधानसभा क्षेत्र से उतरे उम्मीदवार
वर्ष विजेता पार्टी प्राप्त मत प्रतिशत
2008 जयभगवान अग्रवाल भाजपा 55,793 62.56
2013 राजेश गर्ग आप 47,890 43.52
2015 विजेद्र गुप्ता भाजपा 59,866 49.83
2020 विजेंद्र गुप्ता भाजपा 62,174 53.67