नई दिल्ली:– झुलसाने वाली तीखी धूप के बीच एकाएक मौसम ने रंग बदल लिया। मौसम में आया बदलाव अगले चार दिनों तक जारी रह सकता है। अगले दो दिन धूप-छांव और बादलों की आवाजाही के बीच कभी-कभी हल्की फुहारें बरस सकती हैं। 20 व 21 मार्च को मौसम में बड़ा बदलाव होगा।
इसे लेकर मौसम विभाग ने बुलेटिन जारी किया है। धनबाद, बोकारो, गिरिडीह व जामताड़ा में 20 को गर्जन व वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से आंधी चलने का अनुमान है। 21 को 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। तेज हवाओं के साथ गर्जन व वज्रपात का भी खतरा हो सकता है। मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है। कहीं-कहीं ओला वृष्टि की भी संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ ने बदला मौसम
मौसम में आए बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ है। पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा से उत्तर प्रदेश तक चक्रवाती घेरे के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ तक ट्रफ बना हुआ है। इन दोनों सिस्टम के सक्रिय होने से मौसम प्रभावित हो गया है। अगले दो-तीन दिनों में इसका प्रभाव और बढ़ेगा जिससे गर्जन व आंधी की स्थिति बनेगी।
तापमान में नौ डिग्री तक गिरावट का अनुमान
बादल छाने और गर्जन के साथ वर्षा होने की भी संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है। 32-33 डिग्री पर पहुंचे अधिकतम तापमान के नौ डिग्री तक लुढ़क कर 26 डिग्री पर पहुंचने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान भी 23 से गिर कर 19-20 डिग्री तक पहुंच सकता है। इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
22 के बाद असर दिखाएगी गर्मी, 42 पर पहुंच सकता है पारा
21 तक मौसम का मिजाज बदले रहने से 22 को भी तेज गर्मी का असर कम रहने की उम्मीद है। पर उसके बाद धूप असर दिखाएगी। अधिकतम तापमान 42 डिग्री पर पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मार्च के अंतिम सप्ताह में प्रचंड गर्मी का अनुमान पहले ही जता दिया है। दिन में लू चलने का खतरा तो रात में उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
