नई दिल्ली:- सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में उनके पिता ने सतीश सालियान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दिशा की मौत की दोबारा जांच की मांग की. साथ ही दावा किया कि दिशा की मौत आत्महत्या नहीं बल्कि मर्डर था. वहीं मालवणी पुलिस ने दावा किया था कि दिशा ने आत्महत्या की थी. पुलिस द्वारा प्रस्तुत क्लोजर रिपोर्ट में कहा गया है कि दिशा ने आत्महत्या की और उसने पारिवारिक और वित्तीय कारणों से आत्महत्या की. इसमें दिशा के पिता सतीश सालियान का नाम भी सामने आया है.
दिशा को थी आर्थिक समस्या
दिशा सालियान को कुछ प्रोजेक्ट्स में आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा था और उनके पिता ने दिशा की मेहनत की कमाई का दुरुपयोग कर उसे बर्बाद कर दिया था. दिशा ने इस मामले पर अपने कुछ करीबी दोस्तों और अपने मंगेतर से चर्चा की थी. 2 जून, 2020 को दिशा अपने मंगेतर रोहन रॉय के फ्लैट में रहने चली गईं, जब उनके पिता ने उनके खाते से पैसे ट्रांसफर कर दिए. दिशा मौत मामले में अन्य सभी सबूत और बयान दर्ज करने के बाद, मालवणी पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि दिशा सालियान की मौत आत्महत्या थी. मालवणी पुलिस ने पहले 4 फरवरी 2021 को इस मामले में क्लोजर रिपोर्ट पेश की थी.
पिता ने की याचिका दर्ज
दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया है कि दिशा की मौत आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या थी और उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग की है. सतीश सालियान ने शिवसेना नेता एवं पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे, अभिनेता डिनो मारियो व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. इस मामले में आदित्य ठाकरे का नाम आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हंगामा मच गया.
संजय राउत का बयान
इस बीच मामले पर शिवसेना सांसद संजय राउत का बायन सामने आया है. उन्होंने कहा, ‘दिशा की मौत पर सतीश सालियान सिर्फ राजनीति कर रहे हैं. आपको अपनी बेटी की मौत पर राजनीति नहीं करनी चाहिए पोस्ट मार्टम और अन्य रिपोर्ट् से यह स्पष्ट है कि क्या हुआ था’.
हाल ही में विधानसभा सत्र में मामला सामने आने के बाद दोनों पक्षों ने आरोप-प्रत्यारोप लगाए, लेकिन अब दिशा सालियान मामले में मालवणी पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट सामने आने के बाद मामला अलग मोड़ लेता नजर आ रहा है. दिशा के पिता ने मामले की जांच की मांग की है, वहीं क्लोजर रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि दिशा के पिता का व्यवहार भी दिशा की आत्महत्या का एक कारण था.
दिशा सालियान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर की मौत एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई. बता दें सुशांत सिंह राजपूत की मौत से कुछ दिन पहले दिशा की मौत 8 जून 2020 को हुई.