बीजापुर:- बीजापुर में सुरक्षाबलों के लाल आतंक पर चौतरफा प्रहार की वजह से अब नक्सलवाद का दम निकल रहा है. एक साथ कुल 22 माओवादियों ने बीजापुर पुलिस फोर्स के सामने हथियार डाले हैं. इनमें तेलंगाना स्टेट कमेटी और AOB डिवीजन पार्टी के सदस्य भी शामिल हैं. इसके अलावा नक्सलियों के प्लाटून नंबर 9 और 10 के पार्टी सदस्य भी सरेंडर करने वाले माओवादियों का हिस्सा है. गालूर एरिया कमेटी के हिरमागुण्डा आरपीसी एवं पामेड़ एरिया कमेटी कोण्डापल्ली आरपीसी के सदस्यों ने भी हथियार डाले हैं.
नक्सल संगठन से मोहभंग के बाद लिया फैसला: सरेंडर करने वाले नक्सलियों ने नक्सल संगठन से मोहभंग होने के बाद यह फैसला लिया. सरकार की तरफ से बीजापुर और बस्तर में चलाए जा रहे विकास के कार्यों से माओवादी प्रभावित हुए उसके बाद उन्होंने खून खराबा से तौबा कर लिया. नवीन सुरक्षा कैम्प की स्थापना, सड़कों का विस्तार, परिवहन की सुविधा, पानी, बिजली एवं शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजना का भी प्रभाव इन नक्सलियों पर पड़ा है. सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के व्यापक प्रचार प्रसार से माओवादी संगठन से इन नक्सलियों का मोहभंग हुआ. उसके बाद उन्होंने यह फैसला लिया.
सरेंडर करने वाले नक्सलियों की जानकारी: जिन नक्सलियों ने सरेंडर किया है. उनमें 11 नक्सली इनामी हैं.
आयतू पुनेम उर्फ गट्टा, उम्र 26 वर्ष, AOB डिवीजन का सदस्य, कुल दो लाख का इनामी नक्सली
पाण्डू कुंजाम, उम्र 18 वर्ष, 2 लाख का इनामी, साल 2011 से सक्रिय
कोसी तामो, उम्र 20 वर्ष, दो लाख की इनामी, साल 2022 से एक्टिव
सोना कुंजाम, उम्र 18 वर्ष, तेलंगाना स्टेट कमेटी की सदस्य, दो लाख की इनामी
लिंगेश पदम उर्फ मेसू पदम, उम्र 26 वर्ष, एरिया कमेटी पार्टी सदस्य, सप्लाई कमेटी का मेंबर, दो लाख का इनामी, वर्ष 2010 से एक्टिव
टिबरू राम माड़वी उर्फ बड्डे. एक लाख का इनामी, वर्ष 2005 से सक्रिय
लखमा कड़ती, उम्र 35 वर्ष, साल 2005 से सक्रिय
नक्सली आयता पण्डा, उम्र 45 वर्ष
मंगू हेमला, उम्र 37 वर्ष, साल 2003 से एक्टिव
भीमा पोटाम, उम्र 27 वर्ष, साल 2009 से एक्टिव
राजू वेको, उम्र 33 वर्ष, वर्ष 2006 से सक्रिय
बुधरी मड़कम, उम्र 27 वर्ष, साल 2009 से सक्रिय
हिड़मा मण्डावी, उम्र 45 वर्ष, साल 2001 से सक्रिय
जोगा माड़वी, उम्र 30 वर्ष, साल 2007 से सक्रिय
पोज्जा तामो, उम्र 30 साल, साल 2012 से एक्टिव
हुंगा मुचाकी, उम्र 27 वर्ष, साल2005 से सक्रिय
महेश एसम, उम्र 21 वर्ष, साल 2009 से सक्रिय
चैतू मोड़ियाम, उम्र 27 वर्ष, साल 2005 से सक्रिय
रामबाबू वेलकम, उम्र 24 वर्ष, साल 2016 से सक्रिय
आयतू तामो, उम्र 25 वर्ष, साल 2009 से सक्रिय
लच्छू मड़कम, उम्र 25 वर्ष, साल 2009 से सक्रिय
वेंकट स्वामी पुनेम, उम्र 53 वर्ष, साल1997 से एक्टिव
इन नक्सलियों में नक्सली वेंकट स्वामी पुनेम पर कुल 6 अपराध घोषित है. इसके खिलाफ 6 वारंट है और कुल 10 हजार का इनाम घोषित है. इसके अलावा नक्सली लिंगेश पदम पर कुल 2 अपराध घोषित है. इसके खिलाफ 2 स्थाई वारंट है और कुल 10 हजार का इनाम घोषित है. नक्सली टिबरू माडवी के खिलाफ तीन अपराध दर्ज है. इसके खिलाफ 3 वारंट है और कुल 10 हजार का इनाम घोषित है. इसके अलावा दो अन्य नक्सलियों पर छोटे मोटे इनाम हैं.
एक साथ 22 नक्सलियों ने सरेंडर कर समाज की मुख्य धारा में शामिल होने का फैसला लिया है.-डीएस नेगी, डीआईजी, सीआरपीएफ
सरेंडर पॉलिसी के तहत अहम कामयाबी मिल रही है. 22 नक्सलियों ने नक्सलवाद से मोहभंग के बाद सरेंडर किया है. कुल 11 लाख के इनामी नक्सलियों ने सरेंडर किया है. -यूलान्दन यार्क, ASP, नक्सल ऑपरेशन
सरेंडर करने वाले नक्सलियों को मिली प्रोत्साहन राशि: सरेंडर करने वाले नक्सलियों को शासन की तरफ से प्रोत्साहन राशि दी गई है. सभी माओवादियों को प्रोत्साहन स्वरूप 25-25 हजार रुपए नगद राशि दी गई. जिले में चलाये जा रहे माओवादी उन्मूलन अभियान के तहत डीआरजीए बस्तर फाइटर, एसटीएफ, कोबरा और केरिपु बल के द्वारा किये जा रहे संयुक्त प्रयासों से यह सफलता मिली है.