मुंबई: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन मीतू सिंह ने इंस्टाग्राम पर शेयर की अपनी नई पोस्ट में बॉलीवुड पर तंज कसा है और अपने भाई के निधन के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उनकी यह पोस्ट ‘ब्रह्मास्त्र’ की रिलीज के बाद सामने आई है। मीतू ने बॉलीवुड पर तंज कसते हुए अपने भाई की एक तस्वीर साझा की है और लिखा है, ‘सुशांत का ‘ब्रह्मास्त्र’ इस बॉलीवुड को तबाह करने के लिए काफी है. बॉलीवुड हमेशा जनता पर हुक्म चलाना चाहता है, आपसी सम्मान और विनम्रता दर्शाने के लिए कभी नहीं रुकता।’
उन्होंने आगे कहा, ‘हम इस तरह के लोगों को अपने देश का चेहरा कैसे बना सकते हैं जिनके नैतिक मूल्य इस तरह के हैं? जनता का प्यार जीतने का उनका प्रयास विफल रहा है। अच्छाई और नैतिक मूल्यों से ही प्रशंसा और सम्मान पाया जा सकता है।’ इससे पहले, फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने कहा था कि बॉलीवुड में बहुत नकलीपन है।
ऐसे दावे किए गए कि पीवीआर और आईनॉक्स जैसे थिएटरों को ‘ब्रह्मास्त्र’ की रिलीज के कारण करोड़ों का नुकसान हुआ है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की ‘ब्रह्मास्त्र’ को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत मिली है। फिल्म ने दो दिनों में दुनियाभर में लगभग 160 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों और क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है।
‘ब्रह्मास्त्र’ रणबीर और आलिया के लिए उनकी सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में से एक है। हालांकि, कई रिपोर्ट ऐसी भी हैं जो दावा कर रही हैं कि फिल्म की समीक्षाओं से पीवीआर और आईनॉक्स जैसे थिएटरों के शेयरों में गिरावट आई है। ऐसा भी कहा गया कि शुक्रवार को सिनेमाघरों को लगभग 800 करोड़ का नुकसान हुआ।
विवेक अग्निहोत्री ने भी की बॉलीवुड की आलोचना
विवेक ने अपने ट्विटर हैंडल पर रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने लिखा था, ‘समस्या यह है कि बॉलीवुड में सब कुछ नकली पर चलता है और इसके लिए कोई भी जवाबदेह नहीं है। कोई भी इंडस्ट्री जीवित नहीं रह सकती है जो ‘आर एंड डी’ में 0 फीसदी निवेश करता है और सितारों पर 70-80 फीसदी पैसा बर्बाद करता है।’