नगरकुरनूल:- तेलंगाना के नगरकुरनूल जिले में एसएलबीसी सुरंग में बड़ा हादसा हो गया है. सुरंग की छत का तीन मीटर हिस्सा धंस गया है. अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार सुबह अमराबाद मंडल के डोमलपेंटा के पास हुई. एसएलबीसी सुरंग परियोजना को गति देने के लिए चार दिन पहले ही निर्माण कार्य फिर से शुरू किया गया था.
उन्होंने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे मिट्टी का मलबा गिरने लगा, जिससे पहली शिफ्ट में काम कर रहे 50 कर्मचारियों में दहशत फैल गई. 43 मजदूर सुरक्षित निकलने में सफल रहे, जबकि सात मजदूर अंदर फंस गए. सिंचाई विभाग और पुलिस द्वारा बचाव अभियान अभी जारी है. तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
एसएलबीसी सुरंग परियोजना का उद्देश्य श्रीशैलम परियोजना के बैकवाटर से पानी निकाल कर सूखाग्रस्त नलगोंडा जिले को सिंचाई और पेयजल उपलब्ध कराना है.
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर दुख जताया
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने एसएलबीसी सुरंग में हुए हादसे पर दुख जताया है और अधिकारियों को बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. तेलंगाना सीएमओ ने एक बयान में कहा कि सुरंग की छत गिरने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सतर्क कर दिया. इस घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं. सीएम ने जिला कलेक्टर, एसपी, अग्निशमन सेवा विभाग, HYDRAA को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत उपाय करने का आदेश दिया.
वहीं, मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी तुरंत एक विशेष हेलीकॉप्टर से घटनास्थल पर पहुंचे और सिंचाई विभाग के सलाहकार आदित्यनाथ दास के साथ बचाव कार्य की देखरेख कर रहे हैं.
केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों से सुरंग की छत ढहने के कारण के बारे में जवाब मांगा. उन्होंने अधिकारियों से फंसे हुए श्रमिकों को सुरक्षित निकालने और घायलों को उचित इलाज कराने की अपील की.
सुरंग के अंदर फंसे श्रमिक
गुरजीत सिंह (पंजाब)
सनित सिंह (जम्मू-कश्मीर)
श्रीनिवासुलु, मनोज रुबेना (उत्तर प्रदेश)
संदीप, संतोष, जटका हीरन (झारखंड)