रायपुर। छत्तीसगढ़ में दो नए पुलिस रेंज की सुगबुगाहट तेज हो गई है। पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) से लेकर मंत्रालय तक इस पर मंथन चल रहा है। अगर सब सही रहा तो अगस्त में इसकी घोषणा हो सकती है। वरना विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद दो नए पुलिस रेंज अस्तित्व में आ जाएंगे।
राज्य में वैसे तो पुलिस रेंज की संख्या पांच है, लेकिन सरकार ने राजधानी रायुपर की संवेदनशीलता को देखते हुए रायपुर जिला के लिए अलग आईजी पदस्थ कर रखा है। इस लिहाज से रेंज की संख्या बढ़कर छह हो गई है। वर्तमान में रायपुर (राजधानी) रेंज की कमान राज्य के खुफिया विभाग के चीफ अजय यादव के पास है। वहीं, रायपुर रेंज की जिम्मेदारी आईजी आरिफ शेख के पास है। इसके अलावा दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर और सरगुजा चार अन्य रेंज हैं।
