रायपुर:- बस्तर से नक्सलवाद खत्म करने की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दी हुई तारीख 26 मार्च जैसे जैसे पास आ रही है, वैसे वैसे बस्तर में सरकार की सक्रियता बढ़ती जा रही है. बस्तर संभाग में रहने वाले आदिवासियों की संस्कृति, उनके नृत्य, बस्तर के आभूषण, गीत, संगीत, वाद्ययंत्र, परिधान, भोजन, आभूषण को उजागर करने बस्तर पंडुम उत्सव का आयोजन मार्च में किया जा रहा है. चूंकि बस्तर में नक्सलवाद खत्म करने की तारीख 26 मार्च 2026 दी गई है इसलिए मार्च के महीने में 26 तारीख से बस्तर पंडुम उत्सव शुरू हो सकता है. बस्तर संभाग के सभी जिलों में ये कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. स्थानीय स्तर से लेकर जिला स्तर पर कार्यक्रम होंगे. जिसकी तैयारी की जा रही है.
बस्तर की सांस्कृतिक विरासत: बीते दिनों डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बस्तर पंडुम कार्यक्रम की जानकारी दी थी. उन्होंने बताया कि सरकार ‘बस्तर पंडुम’ नाम से एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर रही है. जो हर स्तर पर आयोजित किया जाएगा और जिसमें बस्तर की स्थानीय और सांस्कृतिक विरासत शामिल होगी. शर्मा ने कहा कि बस्तर पंडुम कार्यक्रम से बस्तर की संस्कृति पूरी दुनिया के सामने आएगी और लोग उनसे जुड़ सकेंगे.
बस्तर संभाग के सभी जिलों में बस्तर पंडुम की तैयारी शुरू कर दी गई है. मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने मंगलवार शाम को वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए बस्तर के कमिश्नर-आईजी सहित सातों जिले के कलेक्टर और एसपी को तैयारी और व्यवस्था सुनिश्चित करने निर्देश दिए.
बस्तर पंडुम उत्सव:
बस्तर पंडुम का आयोजन ब्लॉक, जिला और संभाग स्तर पर किया जाएगा.
जनजातीय नृत्य, गीत, नाट्य सहित जनजातीय वाद्य यंत्रों का प्रदर्शन, जनजातीय वेशभूषा एवं आभूषण का प्रदर्शन, जनजातीय कला एवं गोदना का प्रदर्शन, जनजातीय व्यंजन एवं पेय पदार्थों का प्रदर्शन विधाओं को शामिल किया गया है.
संभाग स्तर आयोजन में जनजातीय रीति-रिवाज और तीज-त्यौहार पर आधारित प्रदर्शनी होगी.
ब्लॉक स्तर के बस्तर पंडुम में सभी कलाकारों और प्रतिभागियों को ओपन एंट्री दी जाएगी.
चयनित दल और प्रतिभागी जिला स्तर और जिला स्तर से चयनित दल और प्रतिभागी संभाग स्तर के बस्तर पंडुम में अपनी सहभागिता निभाएंगे.
बस्तर पंडुम के प्रत्येक स्तर को बस्तर में उत्सव की तरह मनाया जायेगा, जिसमें समाज प्रमुखों, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जायेगा.
जिला एवं संभाग स्तर पर बड़े स्तर के कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा.
मेहमान कलाकारों के रूप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के दलों को आमंत्रित किया जाएगा.
बस्तर पंडुम के प्रत्येक स्तर पर विजेता दलों और प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा.