रायपुर। भानुप्रतापपुर में उपचुनाव होने हैं। लेकिन प्रदेश में सर्दी के इस मौसम में सियासी गर्मी बढ़ी हुई है। भानुप्रतापपुर के चारामा में आयोजित एक सभा में दिए डॉ. रमन सिंह के मुसवा बाघ वाले बयान पर सीएम भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा कि मैं छत्तीसगढ़िया किसान हूं। मुझे कभी चूहा ,कभी बिल्ली, कभी कुत्ता बोल रहे हैं। सीएम ने कहा कि रमन सिंह को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। यह बयान उनकी सामंती प्रवृत्ति को दर्शाता है ।
डॉ .रमन सिंह ने चुहा और बाघ की कहानी सुनाकर वोट मांगादरअसल पूर्व मुख्यमंत्री जनता के बीच भाजपा के प्रत्याशी के लिए वोट मांगने गए थे। यहां मुसवा (चूहा) और बघवा (बाघ) की कहानी सुनाकर जनता से वोट की अपील की। उन्होंने भानुप्रतापुर में नामांकन दाखिल करने के बाद आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए रोचक ढंग से किस्सा सुनाकर अपनी बात लोगों के बीच रखी। डॉ .रमन ने कहा- मुझे एक किस्सा याद आ रहा है। एक साधु और उसकी चुहिया की कहानी है, आप लोग सुने होंगे। जनता ने मुस्कुराकर डॉ. रमन को आगे कहने को कहा।एक साधु की झोपड़ी के पास एक चूहा रहता था। एक दिन वह बाहर टहल रहा था कि एक बिल्ली उसे खाने आ गई। वह दौड़कर साधु के पास गया और बोला कि यह बिल्ली रोज मुझे खाने की कोशिश करती है, मुझे बिल्ली बना दो। ऋषि ने गंगाजल छिड़का, चूहा बिल्ली बन गया।
अब जब वह झोंपड़ी से बाहर निकला तो कुछ कुत्ते उसके पीछे हो लिए। वह फिर साधु के पास दौड़ा और बोला कि मुझे कुत्ते डराते हैं, अब मुझे कुत्ता बना दो।डॉ. रमन ने कहा-मतदान करके आपने चूहे को शेर बना दियाऋषि ने फिर गंगाजल छिड़का और चूहा अब कुत्ता बन गया। कुत्ता बनकर वह जंगल में घूमने चला गया, जहां शेर ने उसका पीछा किया।
चूहा फिर साधु के पास पहुंचा और बोला मुझे सिंह बना दो कि कोई मुझे डराए नहीं। साधु ने उसे शेर बना दिया, अब शेर बनते ही चूहा बोला, मुझे भूख लगी है,मैं तुम्हें खाऊंगा। डॉ. रमन ने जनता से कहा कि इस तरह मतदान करके आपने चूहे को शेर बना दिया है, अब आपके पास मौका है कि आप अपने वोट का गंगाजल छिड़क कर चूहे को फिर से चूहा बना सकते हैं। उन्होंने यहां के प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम को वोट देने की अपील भी की।