सक्ती:- सोमवार की रात सरवानी गांव में सिलेंडर फटने से 9 लोग झुलस गए. हादसे में 6 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. घायलों को रायगढ़ के अस्ताल में भर्ती कराया गया है. स्थानीय लोगों ओर गांव के सरपंच ने बताया कि जिस घर में सिलेंडर फटा उस घर का मालिक अपनी पत्नी के साथ बाजार गया था. घर पर सिर्फ 4 साल का बच्चा मौजूद था. सिलेंडर में आग लगते ही आस पड़ोस के लोग घर के भीतर पहुंचे. आनन फानन में घर के भीतर खेल रहे बच्चे को बाहर निकाला.
घर के भीतर था 4 साल का बच्चा: बच्चे को लेकर जैसे ही लोग बाहर निकले तभी सिलेंडर धमाके के साथ फट गया. विस्फोट इतना जोरदार था कि घर के परखच्चे उड़ गए. घर में रखा काफी सामान जलकर खाक हो गया. धमाका इतना बड़ा था कि पड़ोस में रहने वाले लोग भी इसकी चपेट में आ गए. धमाके की चपेट में आने वालों में पीतांबर साहू, प्रतिभा साहू, दिगंबर साहू, भवानी पटेल, जम्मूलाल पटेल शामिल हैं.
धमाके के साथ फटा सिलेंडर: सिलेंडर में कैसे धमाका हुआ ये तो साफ नहीं हुआ है लेकिन पड़ोसियों ने शक जताया है कि सिलेंडर में आग शॉर्ट सर्किट से लगी. सिलेंडर में आग लगने के बाद धमाका हो गया. जिस जगह पर सिलेंडर में आग लगी वहां पर एक और सिलेंडर रखा था. गनीमत रही की दूसरा सिलेंडर आग की चपेट में नहीं आया. परिवार वालों के मुताबिक आग से लाखों का नुकसान घर के मालिक को हुआ है. घर में रखा ज्यादातर सामान जलकर खाक हो चुका है. हादसे में झुलसे लोगों को अस्पताल ले जाने के लिए जांजगीर से एंबुलेंस बुलाने की जरुरत पड़ी.
जांजगीर से बुलाई पड़ी फायर ब्रिगेड की टीम: सक्ती को जिला बने काफी वक्त हो चुका है लेकिन सुविधा के नाम पर अभी भी ये फिसड्डी है. आग पर काबू पाने के लिए फायर फाइटर की टीम को जांजगीर से बुलाना पड़ा. फायर फाइटर की टीम जांजगीर से आई लिहाजा टीम को आने में 2 से ढाई घंटे का वक्त लग गया. घायलों का इलाज रायगढ़ के निजी अस्पताल में चल रहा है.