दिल्ली। दिल्ली में एक ड्राइवर ने अपने मालिक के 18 लाख रुपए उड़ा दिए. ड्राइवर पूरा कैश ढोलक में छिपाकर पीलीभीत अपने घर ले गया. इस मामले की शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने पीलीभीत पुलिस की मदद से आरोपी के घर छापा मारा. पुलिस को आरोपी ड्राइवर के घर ढोल मिल गया, जिसे फोड़ा तो उसमें से पूरा कैश निकल आया.
पुलिस ने नकदी बरामद कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया. थाना बिलसंडा क्षेत्र का पवन कुमार शर्मा दिल्ली के बिजनेसमैन बीके सब्बरवाल के यहां ड्राइवर था. 2 नवंबर 2022 की शाम ड्राइवर पवन बीके सब्बरवाल को एक मीटिंग में दिल्ली के कनॉट प्लेस लेकर गया था. उस दौरान गाड़ी में 20 लाख रुपए कैश रखा था.
इस दौरान ड्राइवर पवन ने बीके सब्बरवाल को उतार दिया और गाड़ी पार्क करने के बहाने 20 लाख रुपए व गाड़ी की चाबी लेकर भाग आया था. इसके बाद कारोबारी बीके सब्बरवाल ने मामले की शिकायत पुलिस से की. दिल्ली पुलिस ने इस मामले को लेकर पीलीभीत की पुलिस से संपर्क किया. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने पीलीभीत के बिलसंडा थाने की पुलिस के साथ आरोपी पवन शर्मा के यहां छापा मारा.
पुलिस ने उसे पकड़कर रुपयों के बारे में पूछताछ की तो वह काफी देर तक पुलिस को बातों में उलझाता रहा. पुलिस ने पवन से जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि रुपए एक ढोलक में रखे हैं. इसके बाद ढोलक को तोड़कर पुलिस ने रुपए बरामद कर लिए. इसके अलावा शेष दो लाख रुपए के बारे में बताया कि उसने वह रुपए खर्च दिए हैं.
आरोपी को गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस साथ ले गई. पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक दिनेश पी ने बताया कि पीलीभीत का रहने वाला पवन दिल्ली में कारोबारी की कार चलाता था. मौका देखकर पवन ने अपने मालिक के लाखों रुपए चोरी कर ढोलक में छुपा दिए.