नई दिल्ली :- शरीर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है,आंख जिसकी बदौलत हम इस दुनिया की खूबसूरती को निहार पाते हैं. बदलते समय ने हम सभी को आधुनिक उपकरण और आधुनिक तकनीक के इतने निकट लाकर खड़ा कर दिया है कि इसका सीधा असर हमारी आंखों पर देखने को मिलता है. अत्यधिक मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर के इस्तेमाल से कम उम्र में ही हमारी आंखों की रोशनी कमजोर होने लगी है जिसके लिए आयुर्वेद में कई उपाय बताए गए हैं. आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए नियमित रूप से बादाम और सौंफ का सेवन आपके लिए फायदेमंद हो सकता है.
आयुर्वेद में बादाम और सौंफ का सेवन बेहद उपयोगी माना गया है. अगर आप नियमित रूप से बादाम और सौंफ को अपनी दिनचर्या में शामिल करते हैं तो इससे आपकी आंखों की कमजोरी दूर होती है और आंखों की रोशनी बढ़ती है. बादाम और सौंफ के सेवन से रतौंधी की समस्या भी नहीं होती.
आयुर्वेद की भाषा में सौंफ को ‘नेत्र ज्योति’ कहा जाता है. इसमें भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं जो आंखों के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं. सौंफ का सेवन आपकी आई हेल्थ को बेहतर बनाता है. वहीं बादाम में मौजूद विटामिन ए और ओमेगा-3 फैटी एसिड आपकी आंखों के लिए बहुत फायदेमंद है. यह आपके रेटिना को स्वस्थ रखता है और आंखों में मौजूद कोशिकाओं की झिल्ली की संरचना को सुधारने और मरम्मत करने में सहायक होता है.
बादाम में मौजूद विटामिन ए, विटामिन ई और ओमेगा फैटी एसिड आंखों से जुड़ी कई समस्याओं को दूर करता है. यहां तक कि आंखों में आई सूजन से भी छुटकारा दिलाता है. वहीं सौंफ में मौजूद विटामिन सी, पोटैशियम, एंथोसायनिन और ल्यूटिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट आंखों को कई तरह के संक्रमण और क्षति से बचाते हैं.
आंखों की रोशनी को बेहतर बनाने के लिए आप सोने से पहले रात के समय 4 से 5 बादाम और एक चम्मच सौंफ पानी में भिगोकर रख दें. सुबह इन दोनों को पीसकर दूध में मिलाकर इसका सेवन करें.
