ट्रेन से सफर भला किसने नहीं किया होगा. आज के समय में यह सबसे किफायती और सुविधाजनक है. वैसे ट्रेन से सफर करते समय कई तरह की सावधानियां भी बरतनी पड़ती हैं, वरना जान जाने का भी खतरा रहता है. आपने देखा होगा कि कई बार लोग ट्रेन के दरवाजों पर आराम से बैठ जाते हैं और नजारे देखते चलते हैं, लेकिन ये हरकत काफी खतरनाक होती है. इसमें थोड़ी सी भी चूक जानलेवा साबित हो सकती है.
इसी तरह लोगों को खिड़की से बाहर हाथ या सिर निकालने से भी मना किया जाता है, क्योंकि ये भी रिस्की होता है, पर सोशल मीडिया पर आजकल ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने सभी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं. इस वीडियो में एक लड़की बिना सोचे समझे रील बनाने के चक्कर में खिड़की से बाहर अपना सिर निकाल लेती है, तभी दूसरी तरफ से एक सरपट दौड़ती ट्रेन आ जाती है. वो तो गनीमत रहती है कि उसकी जान बच जाती है, वरना पलभर में सीधे उसका सिर ही धड़ से अलग हो जाता. वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक लड़की ट्रेन के अंदर सीट पर आराम से बैठे-बैठे अचानक अपना सिर खिड़की से बाहर निकाल लेती है और रील बनवाने लगती है.
इसी बीच एक तेज रफ्तार ट्रेन सामने से आ जाती है, जिसके बाद आनन-फानन में लड़की अपना सिर अंदर कर लेती है. ये हरकत जानलेवा थी. आप ट्रेन में सफर करते समय ऐसी गलती भूलकर भी न करें. महज 10 सेकंड के इस वीडियो को अब तक 7 लाख 43 हजार से अधिक बार देखा जा चुका है, जबकि 15 हजार से अधिक लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है.वहीं, लोगों ने वीडियो देख कर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दी हैं. कोई कह रहा है कि ये हरकत जानलेवा है, तो कोई कह रहा है कि ये नजारा किसी फिल्म के खतरनाक सीन की तरह लग रहा है.