मुंबई 21 नवंबर। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कमजोर संकेत से हुई बिकवाली के दबाव में लगभग दो प्रतिशत की गिरावट लेकर पिछले दो सप्ताह की तेजी गंवा चुके सेंसेक्स और निफ्टी की चाल अगले सप्ताह वैश्विक बाजार और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के रुख से तय होगी।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सप्ताहांत पर 1050.68 अंक की बड़ी गिरावट लेकर 59636.01 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 337.95 अंक लुढ़ककर 17764.80 अंक पर रहा। बीते सप्ताह शुक्रवार को गुरू नानक जयंती पर अवकाश के कारण शेयर बाजार में चार दिन ही कारोबार हुआ।
समीक्षाधीन सप्ताह बीएसई की दिग्गज कंपनियों की तरह छोटी और मझौली कंपनियों ने भी बिकवाली की मार झेली। मिडकैप 450.16 अंक टूटकर 25918.62 अंक और स्मॉलकैप 434.3 अंक टूटकर 28798.23 अंक पर आ गया।
विश्लेषकों की मानें तो अगले सप्ताह घरेलू शेयर बाजार पर वैश्विक स्तर का काफी प्रभाव रह सकता है। दुनिया के कुछ विकसित देशों में कोविड-19 के मामले एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। यूरोप की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था जर्मनी के 16 स्टेट में बीते गुरुवार से ही कोविड-19 प्रतिबंध लागू कर दिये गये हैं। आस्ट्रेलिया ने आगामी सोमवार से लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। इससे कुछ अन्य देश के लोगों में भी एक बार फिर से लॉकडाउन का डर सताने लगा है। ऐसे में विदेशी बाजारों की करवट के साथ ही एफआईआई की गतिविधियों का घरेलू बाजार पर असर रहेगा।
स्थानीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन कृषि कानूनों को वापस लिये जाने की घोषणा का बाजार पर प्रभाव दिखने की उम्मीद है। हालांकि अगले सप्ताह इस महीने के अंतिम गुरुवार को मासिक वायदा सौदों का निपटान होना है, जिसका दबाव सेंसेक्स और निफ्टी पर रहेगा।
बीते सप्ताह घरेलू बाजार में गिरावट का रुख रहा। सोमवार को वैश्विक बाजार के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर मजबूत लिवाली की बदौलत 61 हजार अंक के उच्चतम स्तर के पार पहुंचा शेयर बाजार बिकवाली के दबाव में उतार-चढ़ाव से गुजरता हुआ कारोबार के अंत में मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 32.02 अंक बढ़कर 60,718.71 अंक और निफ्टी 6.70 अंक ऊपर 18,109.45 अंक पर रहा।
विदेशी बाजारों के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर रिलायंस, एसबीआई, एनटीपीसी, टाटा स्टील समेत 21 कंपनियों में हुई बिकवाली से मंगलवार को सेंसेक्स 396.34 अंक लुढ़ककर 60,322.37 और निफ्टी 110.25 अंक टूटकर 18 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे 17,999.20 अंक पर आ गया।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कमजोर संकेत से हतोत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर एक्सिस बैंक, रिलायंस, कोटक बैंक, एयरटेल समेत 20 कंपनियों में हुई बिकवाली के दबाव में शेयर बाजार बुधवार को लगातार दूसरे दिन सेंसेक्स 314.04 अंक लुढ़ककर 60,008.33 अंक और निफ्टी 113.40 अंक गिरकर 17,885.80 अंक पर रहा। इसी तरह वैश्विक बाजार की गिरावट से हताश निवेशकों की स्थानीय स्तर पर की गई चौतरफा बिकवाली के दबाव में गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी सेंसेक्स 372.32 अंक ढेर होकर 60 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे 59,636.01 अंक पर और निफ्टी 133.85 अंक टूटकर 17,764.80 अंक पर रहा।