नई दिल्ली:- प्रीमियम और स्पोर्ट मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी KTM 11 अप्रैल को भारतीय बाजार में अपनी नई KTM 390 Enduro R मोटरसाइकिल को लॉन्च करने वाली है. आपको बता दें कि KTM 390 Enduro R एक ऑफ-रोड-केंद्रित मोटरसाइकिल है, जिसमें नई KTM 390 Adventure के अधिकांश पार्ट्स का इस्तेमाल किया गया है.
KTM 390 Enduro R का पावरट्रेन
इस मोटरसाइकिल के पावरट्रेन की बात करें तो KTM 390 Enduro R में 399cc, सिंगल-सिलिंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन लगाया गया है, जो कंपनी की KTM 390 Duke और 390 Adventure मॉडल में भी इस्तेमाल किया गया है. दो अन्य मोटरसाइकिलों की तरह ही नई 390 Enduro R में भी यह इंजन 45.3bhp की पावर और 39Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है.
इस मोटरसाइकिल का मेन फ्रेम और स्विंगआर्म लेटेस्ट-जनरेशन 390 Adventure से ही लिए गए हैं. अपने ऑफ-रोड ओरिएंटेशन के अनुरूप, 390 Enduro R में 285mm का छोटा फ्रंट डिस्क ब्रेक लगाया गया है, जो इस Adventure बाइक में लगाए गए 240mm के रियर ब्रेक डिस्क से जुड़ा हुआ है.
KTM 390 Enduro R का हार्डवेयर
भारत-स्पेक KTM 390 Enduro R की बात करें तो Bajaj Auto ने 390 Adventure के समान ही सस्पेंशन यूनिट का इस्तेमाल किया है. इसका मतलब है कि मोटरसाइकिल में 200 मिमी/205 मिमी (एफ/आर) सस्पेंशन ट्रैवल मिलता है, जिसके परिणामस्वरूप सीट की ऊंचाई 860 मिमी हो गई है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेचे जाने वाले मॉडल के 890 मिमी ऊंची सीट से कम है.
इस प्रक्रिया में, भारत-स्पेक बाइक पर ग्राउंड क्लीयरेंस भी 272 मिमी से घटकर 253 मिमी हो गया है. बाकी बाइक विदेशों में बिकने वाली मोटरसाइकिल के जैसा ही है, जिसमें न्यूनतम लेकिन उद्देश्यपूर्ण बॉडीवर्क और 9-लीटर का फ्यूल टैंक है. मोटरसाइकिल का वजन 177 किग्रा रखा गया है, जिससे 390 Enduro R कंपनी की 390 Adventure मॉडल की तुलना में 5-6 किग्रा हल्का है.
KTM 390 Enduro R के टेक्निकल फीचर
मोटरसाइकिल के टेक्निकल फीचर्स की बात करें तो इस बाइक में 4.2 इंच का TFT डिस्प्ले इस्तेमाल किया गया है, जो म्यूजिक, कॉल और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन के लिए स्मार्टफोन कनेक्टिविटी प्रदान करता है. इसके अलावा मोटरसाइकिल में दो स्पेसिफिक राइडिंग मोड भी दिए गए हैं, जिनमें Street और Off-Road शामिल हैं.
KTM 390 Enduro R की कीमत और प्रतिद्वंद्वी
भारतीय बाजार में इसके प्रतिद्वंद्वियों की बात करें तो यहां KTM 390 Enduro R का सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी Kawasaki KLX 230 है. वहीं कीमत पर नजर डालें तो माना जा रहा है कि KTM India नई 390 Enduro R को 3.15 लाख रुपये से 3.50 लाख रुपये के बीच उतार सकती है.