भोपाल :- मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार अब युवाओं को लेकर मिशन मोड पर काम कर रही है. सरकार का लक्ष्य अगले 5 सालों में विभिन्न विभागों में खाली पदों पर भर्ती करने के साथ ही नए पदों का सृजन करना है. मध्यप्रदेश में अगले 5 साल में ढाई लाख पदों पर भर्ती करने की योजना बनाई जा रही है. इस बारे में सभी विभागों के प्रमुखों को निर्देश दिए जा चुके हैं. पहले चरण में गृह विभाग में 7 हजार पदों को भरा जाएगा. कर्मचारी चयन मंडल के अधिकारियों का कहना है कि इसके लिए अप्रैल में आवेदन शुरू होंगे.
15 हजार से अधिक पदों पर होगी भर्ती
सरकार ने मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल और एमपीपीएससी के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके तहत सरकारी विभागों के 15 हजार से अधिक पदों को भरा जाएगा. सबसे अधिक पदों पर स्कूल शिक्षा विभाग में नियुक्तियां होंगी. इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, आबकारी समेत अन्य विभागों में भी नियुक्तियां होंगी. ये सभी भर्तियां दिसंबर 2025 से पहले पूरी की जाएंगी.
इन परीक्षाओं की संभावित तारीख जारी
कर्मचारी चयन मंडल के अनुसार आबकारी विभाग में आरक्षक पदों की सीधी एवं बैकलॉग भर्ती, स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती, प्राथमिक शिक्षकों के साथ ही महिला एवं बाल विकास में भी धड़ाधड़ भर्ती होगी. महिला बाल विकास ने पर्यवेक्षक की भर्ती सहित 6 परीक्षाओं की तारीख जारी भी कर दी गई है.
इन 3 फामूर्ले के तहत होगी विभागों में भर्ती
जिस संवर्ग में रिक्त पदों की संख्या 1 से 50 तक है. उन पदों पर भर्ती 2 चरणों में की जाएगी. मतलब 50 प्रतिशत पद वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में भरे जाएंगे.
ऐसे कैडर जिनमें रिक्त पदों की संख्या 51 से 200 के बीच है. वहां सीधी भर्ती के कुल पदों की 100 प्रतिशत संख्या के आधार पर भर्ती होगी. यदि 33 प्रतिशत से कम पद खाली हैं, तो एक बार में रिक्त पद भरे जाएंगे. यदि खाली पद 33 प्रतिशत से अधिक हैं, तो अगले निरंतर 3 सालों में अनुपात के हिसाब से खाली पदों को भरा जाएगा. इसी प्रकार यदि खाली पदों की संख्या 66 प्रतिशत से अधिक है तो आगामी 4 वर्षों में भी अनुपात के हिसाब से भर्ती होगी.
जिन कैडर में 200 से अधिक पद खाली हैं, वहां सीधी भर्ती के कुल पदों के 100 फीसदी आधार पर सीधी भर्ती के रिक्त पदों को भरा जाएगा. यदि खाली पद 25 से 50 प्रतिशत के बीच है तो आगामी 3 साल में अनुपात के हिसाब से भर्ती होगी.