बिलासपुर :- नगरीय निकाय चुनाव के बीच पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल कार्यकर्ताओं पर सभी राजनीतिक दल सख्त रवैया अपना रहे हैं. पिछले दिनों भाजपा ने पार्टी के 27 बागी प्रत्याशियों को 6 साल के लिए निष्कासित किया था. वहीं, अब कांग्रेस ने भी प्रदेश कांग्रेस सचिव त्रिलोक श्रीवास को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
प्रदेश कांग्रेस के सचिव को कारण बताओ नोटिस : प्रदेश कांग्रेस के सचिव त्रिलोक श्रीवास को कांग्रेस कमेटी की तरफ से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. उन्हें 3 दिन के भीतर नोटिस का जवाब देने कहा गया है. निगम चुनाव में वार्ड क्रमांक 68 स्वामी रामकृष्ण परमहंस वार्ड में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव प्रचार करने का मामला संज्ञान में आया. इससे पार्टी की छवि धूमिल हो रही थी और अधिकृत प्रत्याशी को नुकसान पहुंच रहा था.
बीजेपी ने 27 लोगों को पार्टी से निकाला : इसके एक दिन पहले ही भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव में बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे 27 प्रत्याशियों को पार्टी से निष्कासित कर दिया था. इसमें 23 प्रत्याशी विभिन्न निकाय चुनाव में पार्षद का चुनाव लड़ रहे हैं. अन्य चार तो अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हैं. इन लोगों ने निकाय चुनाव में टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी ने टिकट किसी और को दिया. इससे नाराज होकर उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं. नाम वापसी के दौरान भी अपना नामांकन वापस नहीं लेने पर भाजपा ने बागी प्रत्याशियों के रूप में चुनाव लड़ने वाले भाजपाइयों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है.
प्राथमिक सदस्यता किया निलंबित : भाजपा के प्रदेश मुख्यालय से जारी निलंबन आदेश के अनुसार, रतनपुर नगर पालिका परिषद में चुनाव के दौरान पार्टी से अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव प्रचार करने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों को निलंबित किया गया. यह कार्य अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है. इसलिए भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बसंत यादव सहित भाजपा मंडल मंत्री संतोष कश्यप और अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष बरकत अली की प्राथमिक सदस्यता निलंबित कर दिया गया.