नई दिल्ली:- सुख, समृद्धि, ऐश्वर्य का प्रतीक दिवाली का महापर्व जल्द आने वाला है। दीपों का पर्व दिवाली हिंदू धर्म का प्रमुख त्योहार है। जिसे हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। पंचांग के अनुसार, इस साल दिवाली 31 अक्टूबर, 2024 को मनाई जाएगी और धनतेरस 29 अक्टूबर, 2024 को मनाया जाएगा।
इस दिन भगवान गणेश, देवी लक्ष्मी और कुबेर देव की पूजा होती है। ऐसा माना जाता है कि इस शुभ मौके पूजा-पाठ और दान पुण्य करने से सुख-शांति की प्राप्ति होती है। साथ ही धन में वृद्धि होती है। वहीं, इस मौके पर क्या दान करना शुभ होता है। आइए जानते हैं इस बारे में-
लोहे का दान
ज्योतिष-शास्त्र के अनुसार, धनतेरस के दिन लोहे का दान करना बहुत फलदायी माना गया है। मान्यता है कि धनतेरस के दिन लोहे का दान करने से परेशानियों से मुक्ति मिलती है। लोहे को शनिदेव का धातु माना जाता है। धनतेरस या दिवाली के दिन लोहा दान करने से लक्ष्मी मां की कृपा के साथ शनि के शुभ फलों की भी प्राप्ति होती है।
मिठाई़ का दान
कहते हैं, धनतेरस और दिवाली पर अन्न-वस्त्र के अलावा किसी जरुरतमंद व्यक्ति को नारियल और मिठाई का दान जरूर करना चाहिए। माना जाता है कि ऐसा करने से धन के भंडार भरे रहते हैं और जीवन में शुभता आती है।
झाड़ू का दान
धनतेरस और दिवाली के दिन झाड़ू का दान करना बहुत शुभ और फलदायी माना गया है। माना जाता है कि इन दोनों दिन झाड़ू का दान करने से लक्ष्मी माता की कृपा होती है और पैसों से जुड़ी तंगी दूर हो जाती है। इसके अलावा, आप किसी मंदिर में भी झाड़ू का दान कर सकते है। ऐसा करने से भी धन की देवी मां लक्ष्मी की कृपा होती है और धन की कभी कमी नहीं होती है।
अन्न का दान
धनतेरस और दिवाली के दिन अन्न दान करना बहुत शुभ माना जाता है। अनाज के दान से पुण्य मिलता है। ऐसा माना जाता है कि धनतेरस के दिन अनाज का दान करने से घर में अन्न के भंडार कभी खाली नहीं होते है। धनतेरस या दिवाली के दिन किसी गरीब या जरूरतमंद को भोजन कराने से भी पुण्य मिलता है। भोजन कराने के बाद उस व्यक्ति को दक्षिणा देकर विदा करना चाहिए।