महासमुंद :- महासमुंद नगर पालिका में नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों ने शपथ ली.शपथ ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव उपस्थित हुए. वहीं बीजेपी की जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू,पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर सहित शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ.
नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों ने ली शपथ : कार्यक्रम की शुरुआत पहले सरस्वती मां की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित के साथ शुरू हुई. फिर पूरी सभा में मौजूद लोगों ने राष्ट्रगान गाया.फिर नवनिर्वाचित अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने नगर पालिका अध्यक्ष पद की शपथ ली.इसके बाद 30 पार्षदों ने बारी-बारी से शपथ ग्रहण लिया.कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए नगर के विकास और कल्याण के लिए उनके कार्यकाल की सफलता की कामना की.
पूर्व मंत्री ने अध्यक्ष से की अपील : कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों बधाई दी. ताम्रध्वज साहू ने कहा कि महासमुंद की बागडोर युवा के हाथ में है. मैं अध्यक्ष से कहना चाहूंगा कि जिस जनता ने उन्हें अध्यक्ष के लिए चुना है उन्हें कभी नाराज मत करना.सभी वर्गो के लोगों से चर्चा कर अपने पार्षदों से बैठक कर शहर का विकास करना.
इसके बाद नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने नगर के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई और कहा कि मेरे शीर्ष नेताओं ने जो कुछ भी कहा और अपना अनुभव साझा किया उसका लाभ लेते हुए मैं सभी पार्षदों के साथ मिलकर शहर का विकास मे अपना पूरा योगदान दूंगा.वहीं कार्यक्रम के बाद सभी पार्षदों ने एक-एक कर मंच पर मौजूद सभी नेताओं के साथ मुलाकात की.