नई दिल्ली:- भारत को पहली बार 1983 में क्रिकेट वर्ल्ड कप जिताने वाले पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी कपिल देव ने बड़ा बयान दिया है. बहुत पहले से ही इस बात की चर्चा की जा रही थी कि अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज BCCI ने वर्ल्ड कप विजेता पूर्व कप्तानों को सम्मानित करने के लिए आमंत्रित किया है. हालांकि पूर्व कप्तान कपिल देव इस समारोह में नहीं पहुंचे. इस बारे में कपिल देव से जब सवाल किया गया कि आप भी आज जाने वाले थे, इसकी काफी चर्चा थी लेकिन फिर भी आप क्यों नहीं गए? इसके जवाब में उन्होंने एक समाचार चैनल को बताया कि मुझे आमंत्रित नहीं किया गया था, इसलिए मैं नहीं गया.
लोग कभी-कभी भूल जाते हैं…
इस दौरान पूर्व दिग्गज खिलाड़ी का दर्द छलक पड़ा. उन्होंने बताया कि वो चाहते थे कि सिर्फ उन्हें ही नहीं बल्कि उनकी पूरी 83 की टीम को भी बुलाया जाए, तो और भी अच्छा होता. उन्होंने कहा लेकिन इतना काम चल रहा है, इतने लोग हैं – इतनी जिम्मेदारी है, कभी-कभी लोग भूल जाते हैं. सोशल मीडिया पर उनके बयान का यह वीडियो शेयर हो रहा है.
पूर्व क्रिकेटर के बयान का यह मामला तूल पकड़ सकता है, क्योंकि उनके ही नेतृत्व में भारत पहली बार वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीता था. उस वक्त 60 ओवर का मैच हुआ करता था और उस मैच में वेस्ट इंडीज की मजबूत टीम फाइनल मुकाबले में भारत के सामने मोर्चा लेने उतरी थी. इस बार टीम इंडिया को विश्व कप के फाइनल मुकाबले में पहले बैटिंग करने का मौका मिला था. भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 241 रनों का ही टारगेट दिया था. इस बार के मुकाबले में टीम इंडिया के बल्लेबाज कोई कमाल नहीं दिखा पाए. इसके बाद पूरे देश की उम्मीद बॉलिंग और फील्डिंग पर टिकी थी. लेकिन सारे उम्मीद पर पानी फिर गया.
