नई दिल्ली:– एलन मस्क ने बड़ा निर्णय लेते हुए खुद को डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से दूर करने का ऐलान किया है। उन्होंने बुधवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बताया कि वे सरकारी दक्षता विभाग के प्रमुख के रूप में अपना कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। साथ ही, उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने उन पर विश्वास किया और उन्हें अपने प्रशासन में एक विशेष सरकारी कर्मचारी के तौर पर शामिल किया।
डोनाल्ड ट्रंप के करीबी माने जाने वाले एलन मस्क ने घोषणा की है कि वे ट्रंप प्रशासन से अलग हो रहे हैं। उन्होंने संघीय नौकरशाही को कम करने और उसमें सुधार लाने की पहल की अगुवाई की, लेकिन अब वे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुख्य सलाहकार के रूप में अपनी सरकारी जिम्मेदारी छोड़ रहे हैं।
टेस्ला के प्रमुख का यह बयान उस समय सामने आया है, जब लंबे समय से ये चर्चा चल रही थी कि दोनों के बीच रिश्ते ठीक नहीं हैं। मस्क ने कुछ दिन पहले ही ट्रंप के एक फैसले की आलोचना की थी और कहा था कि राष्ट्रपति द्वारा इसे एक शानदार बिल कहना निराशाजनक है। मस्क के मुताबिक, यह फैसला खर्चों में भारी बढ़ोतरी करेगा, जिससे संघीय घाटा बढ़ेगा।
फिजूलखर्ची कम करने का अवसर
मस्क ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि चूंकि उनका विशेष सरकारी कर्मचारी के रूप में कार्यकाल समाप्त हो रहा है, वे राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने फिजूलखर्ची कम करने का अवसर दिया। मस्क ने बताया कि DOGE मिशन समय के साथ और भी मजबूत होगा और यह सरकार चलाने का एक नया तरीका बनेगा। इससे पहले उन्होंने ट्रंप के ‘बड़े सुंदर’ बिल की आलोचना भी की थी।
कुछ फैसले से खुश नहीं
ट्रंप द्वारा टैक्स में कटौती और इमिग्रेशन सुधार के फैसले को लेकर मस्क ने सीबीएस के साथ बातचीत में कहा कि मेरा मानना है कि कोई भी बिल या तो बड़ा हो सकता है या फिर सुंदर, लेकिन दोनों नहीं हो सकता। कुछ चीजें हैं जिनसे मैं संतुष्ट नहीं हूं, मगर कई चीजों से मैं काफी उत्साहित हूं। मस्क ने यह भी बताया कि इस फैसले में कुछ बदलाव होने की संभावना बनी हुई है, जैसा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने भी कहा है।
