कोरबा। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के रामसागरपारा में एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है।
बता दें कि मृतक प्रीतम चौहान 34 वर्ष रामसागरपारा का रहने वाला था। वह अपना खर्चा चलाने के लिए पेंटिंग वगैरह का काम करता था, उसके 2 छोटे बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि प्रीतम का अभी कुछ दिन पहले अपनी पत्नी गीतिका चौहान से झगड़ा हो गया था। जिसके बाद वह मायके चले गई थी। बस इसी बात से युवक परेशान था। शनिवार को वह अपने ससुराल मुड़ापार एसईसीएल कॉलोनी पत्नी गीतिका चौहान को लेने गया था।
वहां उसने अपनी पत्नी को समझाने की कोशिश भी की। उससे यह भी कहा कि चलो वापस घर चलो, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद प्रीतम ने ससुराल में खाना भी नहीं खाया और अपने घर लौट आया। घर लौटने के बाद वह सो गया था। इधर अगले दिन रविवार सुबह वह काफी वक्त तक अपने कमरे से नहीं लौटा। जिसके बाद पड़ोस में रहने वाले उसके चाचा के बेटे ने काफी आवाज दी, मगर अंदर से कोई हलचल नहीं हुई।
इस पर उसने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। फिर दीवार में लगे रोशनादान से उसने झांककर देखा तो अंदर कमरे में प्रीतम का शव फंदे से लटका हुआ था। जिसके बाद उसके भाई ने ही पुलिस को इस बात की सूचना दी थी। खबर मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पीएम के लिए भेजा है। फिलहाल मामले में जांच जारी है। प्रीतम के परिजनों को भी इस बारे में जानकारी दे दी गई है।