रिपोर्टर//जितेश्वर साहू
मुंगेली //10 अगस्त 2022// जिले में कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव हेतु कलेक्टर श्री राहुल देव के मागदर्शन में टीकाकरण अभियान का संचालन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में आज 10 अगस्त को एक दिवसीय टीकाकरण महाभियान का संचालन किया गया। इस महाभियान के दौरान शाम 06.30 बजे तक साढ़े 06 हजार लोगों ने उत्साह पूर्वक कोविड-19 का टीका लगवाया। इनमें विकासखण्ड मुंगेली में 02 हजार, विकासखण्ड लोरमी में एक हजार 07 सौ और विकासखण्ड पथरिया में दो हजार 08 सौ लोगों ने कोविड-19 का टीका लगवाकर स्वस्थ नागरिक का परिचय दिया। उल्लेखनीय है कि टीकाकरण महाभियान के प्रति लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।

महिलाएं, पुरूष, युवा तथा बुजुर्ग शहरी और ग्रामीण इलाकों के टीकाकरण केन्द्रों में स्वतः पहुॅचे थे और वे उत्साहित होकर कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करते हुए कोविड-19 का निःशुल्क टीका लगवाए। जिले के नागरिकों ने टीकाकरण महा अभियान की सफलता पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन का यह पहल कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम हेतु सार्थक साबित होगी। इस महाभियान से लोगों में और अधिक जागरूकता आई है और वे संबंधित टीकाकरण केंद्र में पहुॅचकर स्वयं की, परिवार की एवं समाज की सुरक्षा के लिए उत्साहपूर्वक कोरोना का टीका लगवाये तथा वे स्वस्थ मुंगेली जिले के निर्माण में सहायक बने।

कलेक्टर श्री देव ने बताया कि टीकाकरण महाभियान हेतु 222 टीकाकरण केंद्र बनाये गये थे। टीकाकरण महाभियान के सुचारू संचालन एवं निरीक्षण तथा पर्यवेक्षण कार्य हेतु जिला स्तरीय अधिकारियों का दल तैनात किया गया था। इन अधिकारियों द्वारा अपने टीकाकरण केंद्रों का भ्रमण कर टीकाकरण कार्यो का जायजा लिया गया और नागरिकों को टीकाकरण के प्रति प्रेरित किया। इसके अलावा जिले के समस्त जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों तथा विभिन्न मीडिया के प्रतिनिधियों ने भी अपना बहुमूल्य समय निकालकर टीकाकरण महा अभियान में शामिल हुये और स्वस्थ तथा सुरक्षित रहने के लिए नागरिकों को टीकाकरण के लिए समझाईश दी गई।