नई दिल्ली : बाल मोटे और घने होते हैं तो बेहद खूबसूरत दिखाई पड़ते हैं. इन्हें अपने तरीके से स्टाइल किया जा सकता है और अगर रंगना हो या कुछ एक्सपेरिमेंट करना हो तो भी ज्यादा चिंता नहीं होती है. वहीं, जब बाल पतले होते हैं तो उन्हें लेकर अक्सर ही टेंशन और तनाव रहने लगता है. बालों के झड़ते रहने से सिर पर बाल कम और स्कैल्प ज्यादा नजर आने लगती है. ऐसे में बालों को मोटा बनाने और बालों की ग्रोथ बेहतर करने के लिए घर पर ही कुछ हेयर मास्क बनाकर लगाए जा सकते हैं. इन हेयर मास्क को बनाना आसान है और इन्हें बालों पर आसानी से लगाया भी जा सकता है. ये हेयर मास्क बालों को भरपूर पोषण देते हैं और बालों को अंदरूनी और बाहरी दोनों रूपों में फायदा देते हैं. यहां जानिए इन हेयर मास्क को बनाने और लगाने के तरीके के बारे में।
मेथी का हेयर मास्क
प्राकृतिक गुणों से भरपूर मेथी का इस्तेमाल आयुर्वेदिक नुस्खों में भी किया जाता है. मेथी का हेयर मास्क बनाना आसान भी है और इसे लगाने पर असर भी अच्छा दिखता है. बालों को मोटा करने के लिए मेथी के पीले दाने लेकर रातभर पानी में भीगने के लिए रख दें. अगले दिन इन दानों को पीसकर पेस्ट तैयार करें और बालों पर 45 से 50 मिनट के बीच लगाए रखने के बाद धो लें. मेथी से बालों को प्रोटीन और निकोटिनिक एसिड भी मिलता है जो हेयर ग्रोथ में मददगार होता है।
अंडे का हेयर मास्क
प्रोटीन से भरपूर अंडे से हेयर मास्क बनाकर बालों पर कई तरह से लगाया जा सकता है. इस हेयर मास्क से बालों को प्रोटीन, विटामिन और खनिज मिलते हैं और साथ ही स्कैल्प मॉइश्चराइज भी होती है. अंडे का हेयर मास्क बनाने के लिए 2 अंडे लें और 2 चम्मच ऑलिव ऑयल लेकर मिला लें. इस तैयार हेयर मास्क को बालों पर आधा घंटा लगाकर रखने के बाद सिर धो लें. हफ्ते में एक बार यह हेयर मास्क बालों पर लगाया जा सकता है. इससे बालों को एंटी-ऑक्सीडेंट्स और हेल्दी फैट्स भी मिल जाते हैं।
केला और शहद का हेयर मास्क
केले पौटेशियम, विटामिन ए, सी और ई के साथ ही मॉइश्चराइजिंग गुणों से भरपूर होते हैं जो बालों के लिए बेहद फायदेमंद हैं. ऐसे में केले का हेयर मास्क बालों पर लगाया जा सकता है. हेयर मास्क बनाने के लिए एक पका हुआ केला लेकर मसल लें और उसमें 2 चम्मच शहद मिलाकर पेस्ट बनाएं. बस हेयर मास्क तैयार है. इस हेयर मास्क को बालों पर आधा घंटा लगाकर रखें और धो लें. बाल घने ही नहीं बल्कि मुलायम भी बनेंगे।
