नई दिल्ली:– दुनिया में खाने-पीने की अनगिनत चीजें मौजूद हैं। लेकिन ये सारी चीजें स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हों, यह जरूरी नहीं। कुछ चीजें तो साफ तौर पर पता लगती हैं कि ये हमारे लिए अनहेल्दी हैं लेकिन समस्या उन चीजों के साथ है, जिन्हें हम हेल्दी समझकर खा लेते हैं लेकिन असल में वो बहुत नुकसानदायक होती हैं। इनमें से कई चीजें तो बॉडी के लिए इतनी टॉक्सिक होती हैं कि ये आपको हॉस्पिटल तक पहुंचा सकती हैं। जाने-माने आयुर्वेदिक और यूनानी मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ सलीम जैदी ने अपने वीडियो के माध्यम से कुछ ऐसी ही फूड आइटम्स के बारे में जानकारी साझा की है। डॉक्टर सलीम के मुताबिक ये चीजें हर हाल में खाना अवॉइड करना चाहिए क्योंकि ये शरीर के लिए जहर की तरह काम करती हैं। चलिए जानते हैं वो फूड आइटम्स कौन कौन से हैं और क्या सावधानियां बरतनी जरूरी हैं।
हरा आलू है टॉक्सिक
डॉ जैदी के मुताबिक हरा आलू शरीर के लिए जहरीला होता है। कई बार आपने देखा होगा कि आलू का कुछ पार्ट हरा हो जाता है या कभी-कभी पूरा आलू ही हरा रहता है। ऐसा आलू हेल्थ के लिए बहुत ही नुकसानदायक होता है। हरे आलू में ‘सोलोनेस’ पाया जाता। ये एक तरह का न्यूरोटॉक्सिन है, जो जहर के समान होता है। इसे कंज्यूम करने से सिर दर्द, पेट दर्द, पैरालिसिस की समस्या हो सकती है। वहीं एक्सट्रीम केसेज में कोमा और डेथ तक भी हो सकती है। इसलिए आलू के हरे पार्ट को भूल कर भी नहीं खाना चाहिए।
जायफल भी है नुकसानदायक
जायफल लगभग हर रसोई में मौजूद है होता है। इसका इस्तेमाल आमतौर पर मसाले और औषधि के रूप में किया जाता है। लेकिन आपको जान कर हैरानी होगी कि जायफल का ज्यादा सेवन करना काफी नुकसानदायक हो सकता है। डॉ जैदी ने अपनी वीडियो में बताया है कि जायफल में ‘मायरिस्टिसिन’ नाम का एक्टिव कंपाउंड पाया जाता है। जब यह शरीर में जा कर ब्रेकडाउन होता है, तो उससे पैदा होने वाला कंपाउंड हमारे नर्वस सिस्टम पर इफेक्ट डालता है। इसका ओवरडोज होने पर थकान, उल्टी, चक्कर आना या कभी-कभी बावलेपन के भी लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इसलिए कभी भी जायफल का बहुत अधिक मात्रा में सेवन नहीं करना चाहिए।
कड़वा बादाम होता है टॉक्सिक
मुट्ठीभर बादाम खाना तो सेहत के लिए हमेशा से ही बहुत फायदेमंद बताया जाता रहा है। दिमाग तेज करना हो या हार्ट हेल्थ का ध्यान रखना, बादाम खाने की ही सलाह दी जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं यही बादाम शरीर के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है। दरअसल बादाम दो तरह का होता है, एक मीठा बादाम और एक कड़वा बादाम। मीठा बादाम हेल्थ के लिए जितना लाभदायक है, कड़वा बादाम उतना ही नुकसानदायक। डॉ जैदी के मुताबिक कड़वे बादाम में ‘हाइड्रोजन साइनाइड’ नाम का टॉक्सिक एजेंट पाया जाता है। जैसा कि आप जानते ही होंगे कि साइनाइड सबसे खतरनाक जहर होता है, ऐसे में कड़वा बादाम भी हेल्थ के लिए बहुत ही नुकसानदायक है। अगर एक साथ ज्यादा मात्रा में कड़वे बादाम खा लिया जाए, तो ये शरीर के लिए जहरीला हो सकता है।
अधपका राजमा भी है नुकसानदायक
यूं तो राजमा सेहत के लिए फायदेमंद है लेकिन अगर राजमा को पूरी तरह से पकाकर ना खाया जाए तो यही राजमा शरीर के लिए जहरीला भी साबित हो सकता है। दरअसल राजमा में लैक्टिन पाया जाता है। यह एक तरह का टॉक्सिक सब्सटेंस होता है, जिससे उल्टी, जी मिचलाना और पेट दर्द की समस्या हो सकती है। जब राजमा को पूरी तरह से पका दिया जाता है, तो इसमें पाया जाने वाला लैक्टिन पूरी तरह से डिसोल्व हो जाता है, जिससे इसका खतरा लगभग खत्म हो जाता है।
ब्राउन राइस भी हो सकते हैं टॉक्सिक
यूं तो ब्राउन राइस को बहुत हेल्दी माना गया है लेकिन अगर इन्हें गलत तरीके से खाया जाए तो यह शरीर के लिए टॉक्सिक भी साबित हो सकते हैं। दरअसल किसी भी चावल में आर्सेनिक कंसंट्रेशन बहुत ज्यादा पाया जाता है, जो बॉडी के अंदर जा कर कैंसर पैदा कर सकते हैं। ब्राउन राइस में इसकी मात्रा व्हाइट राइस के मुकाबले ज्यादा होती है। इसलिए जब भी ब्राउन राइस बनाएं तो पहले उन्हें कम से कम 5 से 6 बार पीने वाले पानी से अच्छे से साफ करें और चावल को आधे से 1 घंटे के लिए भिगोकर रख दें। फिर उस पानी को हटाकर, दूसरा पानी डालें और पकने के लिए रखें। इससे आर्सेनिक कंसंट्रेशन काफी हद तक कम हो जाएगा।
