नई दिल्ली:- दांतों का पीला होना एक आम समस्या है जिससे बहुत से लोग परेशान रहते हैं। वैसे तो यह कोई गंभीर समस्या नहीं है लेकिन जब दांत ज्यादा पीले हो जाते हैं, तो यह कई ओरल हेल्थ प्रॉब्लम का कारण बन सकता है। आप जो भी कुछ खाते-पीते हैं, उनके कण दांतों पर चिपकते रहते हैं और बाद में वही दांतों के पीलेपन का कारण बनते हैं।
दांतों पर जमी इस पीली गंदगी को प्लैक कहा जाता है। लंबे समय तक दांतों पर प्लैक के जमने से यह बाद में टार्टर का रूप ले लेता है। टार्टर सिर्फ आपके दांतों को ही नहीं बल्कि आपके मसूड़ों की जड़ों में घुसकर उन्हें खोखला कर सकता है। वास्तव में मुंह में बदबू, दांतों की सड़न, पायरिया, मुंह से खून आना, दांतों का कमजोर होना आदि समस्याओं की असली जड़ भी यही पीली गंदगी होती है।
पीले दांतों से छुटकारा पाने के उपाय? अगर आप दांतों को सफेद करने के लिए डेंटिस्ट के पास जाएंगे, तो आपके काफी पैसे खर्च हो सकते हैं। नॉएडा के ई-260 सेक्टर 27 स्थित ‘कपिल त्यागी आयुर्वेद क्लिनिक’ के डायरेक्टर कपिल त्यागी के अनुसार, इसके लिए आप कुछ आसान घरेलू उपाय भी आजमा सकते हैं। नीचे जानिये दांतों को सफेद करने के घरेलू उपाय क्या-क्या हैं।
च्युइंग गम से करें दांत सफेद
दांतों को सफेद बनाने के लिए आप च्युइंग गम चबा सकते हैं। अगर आप तंबाकू, कॉफी और चाय जैसे ऐसे पदार्थों का उपयोग करने के बाद दांतों पर पीली परत जमने से रोकना चाहते हैं, तो आपको च्युइंग गम चबानी चाहिए।
डेयरी उत्पाद भी हैं फायदेमंद
दूध और बिना चीनी वाले दही जैसे डेयरी उत्पादों में कैल्शियम और फॉस्फेट होते हैं जो दांतों के इनेमल की सुरक्षा करते हैं और उन्हें फिर से बनाने में मदद करते हैं। पनीर लार के उत्पादन को बढ़ाता है, जो आपके दांतों को मसूड़ों की बीमारी और कैविटी से बचाता है।
फल और सब्जियां
सेब, अजवाइन और ब्रोकोली जैसे हाई फाइबर वाले खाद्य पदार्थ न केवल प्लैक को हटाने में मदद करते हैं, बल्कि लार के प्रवाह को भी बढ़ाते हैं। स्ट्रॉबेरी में मैलिक एसिड नामक पदार्थ होता है जो आपके दांतों पर दाग को रोकने में मदद करता है।
अपने दांतों को बेकिंग सोडा से ब्रश करें
बेकिंग सोडा थोड़ा अपघर्षक होता है, जो आपके दांतों से दाग सफ करने में मदद करता है। यह कई टूथपेस्ट में मिक्स किया जाने वाला एक घटक है। आप इसे अकेले भी इस्तेमाल कर सकते हैं। बस गीले टूथपेस्ट पर थोड़ा सा लगाएं और धीरे से ब्रश करें। ऐसा सप्ताह में एक-दो बार से ज्यादा न करें। बेकिंग सोडा का घर्षण आपके दांतों के इनेमल को नुकसान पहुंचा सकता है।
दांतों को सफेद करने के लिए इन बातों का रहे ध्यान
दांतों को सफेद करने और मुंह की बीमारियों की रोकथाम का सबसे पहला कदम घर पर अच्छी मौखिक स्वच्छता का बेहतर तरीके से ध्यान रखना है। इसके लिए आपको दिन में दो बार अपने दांतों को फ्लोराइड टूथपेस्ट या बेकिंग सोडा वाले टूथपेस्ट से ब्रश करना चाहिए, दिन में कम से कम एक बार फ्लॉस करें और फ्लोराइड वाला पानी पियें।