नई दिल्ली :- भारती एयरटेल ने आज गूगल के साथ एक नई पार्टनरशिप का ऐलान किया है, जिसके तहत एयरटेल के ग्राहकों को गूगल वन क्लाउड स्टोरेज सब्सक्रिप्शन का फीचर बिल्कुल मुफ्त मिलेगा. इस फीचर से उन यूज़र्स को काफी फायदा होगा, जिनके फोन की स्टोरेज सीमित होती है और वो उनके काम के लिए कम पड़ जाती है. ऐसे यूज़र्स को काफी पैसे खर्च करके क्लाउड सर्विस का सब्सक्रिप्शन लेना पड़ता है, ताकि वो ऑनलाइन स्टोरेज का इस्तेमाल कर सके.
अब एयरटेल के सभी पोस्टपेड यूज़र्स और होम वाई-फाई यूज़र्स को 6 महीने तक 100GB तक गूगल वन क्लाउड स्टोरेज की सुविधा बिना किसी एक्स्ट्रा खर्च के मिलेगी. इसका मतलब है कि एयरटेल के पोस्टपेड और होम वाई-फाई यूज़र्स को 6 महीने तक 100GB गूगल वन क्लाउड स्टोरेज बिल्कुल मुफ्त मिलेगा. यूज़र्स इस स्टोरेज को पांच लोगों के साथ शेयर भी कर सकेंगे. एयरटेल और गूगल के इस पार्टनरशिप का मकसद उन यूज़र्स को फायदा पहुंचाना है जो फोन या डिवाइस में कम स्टोरेज होने के कारण अपने फाइल्स, फोटोज़, वीडियोज़ को डिलीट करते हैं या किसी महंगे फिज़िकल स्टोरेज डिवाइस को खरीदने के लिए मजबूर हो जाते हैं.
एयरटेल यूज़र्स को मिलेगा फ्री स्टोरेज
अब एयरटेल पोस्टपेड और वाई-फाई के यूज़र्स एक भी रुपया खर्च किए बिना 6 महीने तक गूगल वन के 100GB क्लाउड स्टोरेज का फायदा मुफ्त में उठा सकते हैं.इसके अलावा एंड्रॉयड यूज़र्स के लिए व्हाट्सएप चैट्स का बैकअप भी गूगल अकाउंट स्टोरेज में सेफ रहेगा, जिससे उसे नए डिवाइस में आसानी से ट्रांसफर किया जा सकेगा. यह क्लाउड स्टोरेज की सुविधा को एंड्रॉयड और आईओएस दोनों डिवाइस पर उपलब्ध कराया जाएगा. इससे एयरटेल के बहुत सारे ग्राहकों को फायदा होगा.
इस ऑफ़र का लाभ उठाने के लिए ग्राहकों को एयरटेल थैंक्स ऐप में लॉग इन कर इस ऑफर को क्लेम कर के एक्टिवेट करना होगा. 100GB तक गूगल वन का क्लाउड स्टोरेज पहले 6 महीने तक फ्री में उपलब्ध होगा और उसके बाद यूज़र्स को 125 रुपये प्रति महीने खर्च करना होगा, जो यूज़र्स को मंथली बिल में जोड़ दिया जाएगा. अगर कोई यूज़र्स गूगल वन की सदस्यता को खत्म करना चाहता है तो उसे खत्म भी कर सकता है.
