नई दिल्ली :– विधानसभा चुनावों के दौरान BJP ने महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया था.अब राज्य की सत्ता में आने के बाद रेखा गुप्ता की सरकार ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिला समृद्धि योजना लॉन्च कर दी है. इसमें BPL (गरीबी) परिवार की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे. अनुमान है कि करीब 20 लाख महिलाओं को इस योजना का फायदा मिलेगा.
महिलाओं और छोटी बच्चियों का आर्थिक सशक्तीकरण करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें कई लाभकारी योजनाएं चला रही हैं. इनके जरिए उन्हें सीधा आर्थिक लाभ मिलता है. पैसे डायरेक्ट उनके अकाउंट में डाले जाते हैं.हम आपको ऐसी ही कुछ योजनाओं के बारे में बता रहे हैं:-
दिल्ली सरकार की महिला समृद्धि योजना का फायदा उठाने के लिए महिला का दिल्ली की निवासी होना जरूरी है. उनकी फैमिली इनकम 3 लाख से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. परिवार इनकम टैक्स न भरता हो.योजना का फायदा उठाने के लिए महिला की उम्र 18 साल से 60 साल होनी चाहिए. इसके तहत हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे. इसके लिए ई-रजिस्ट्रेशन कराना होगा. पोर्टल और मोबाइल ऐप जल्द लॉन्च किया जाएगा.
मध्य प्रदेश सरकार ने 2023 में लाडली बहना योजना की शुरुआत की थी. इस योजना के तहत राज्य की महिलाओं को हर महीने 1200 रुपये की मदद दी जाती है. एमपी में ये योजना लॉन्च हुए दो साल हो चुके हैं, इस दौरान कई मौकों पर सरकार की तरफ से योजना की राशि बढ़ाने की बात हो चुकी है.इस योजना का सालाना खर्च 19 हजार 50 करोड़ रुपये है.
मध्य प्रदेश की तर्ज पर महाराष्ट्र सरकार ने माझी लाडकी बहिन योजना शुरू की है. इस योजना के तहत राज्य की करोड़ों महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. महायुति सरकार ने इसकी शुरुआत की थी. 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले इस योजना से 2.34 करोड़ महिलाओं के खाते में 5 किस्तों में 7500 रुपये पहुंचे थे.
इसी तर्ज पर झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने मंईयां सम्मान योजना शुरू की थी. इसके तहत महिलाओं के को अब 3000 रुपये तक की मदद पहुंचाई गई है.
छत्तीसगढ़ की बीजेपी सरकार ने 2024 में महतारी वंदन योजना शुरू की थी. इसके तहत महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की मदद मिलती है. 18 लाख महिलाएं इस योजना से लाभांवित हो रही हैं.
इन योजनाओं के अलावा केंद्र सरकार भी महिलाओं के लिए कई बचत योजनाएं चला रही हैं. सुकन्या समृद्धि योजना इसमें शामिल है. इस योजना के तहत बेटियों के भविष्य के लिए बचत और निवेश का बेहतरीन विकल्प मिलता है. वहीं, महिला सम्मान बचत पत्र के जरिए महिलाओं को विशेष ब्याज दर के साथ बचत करने का अवसर मिलता है.
