बरौनी। बिहार में एक बार फिर दंग कर देने वाला मामला सामने आया है. चोरों ने सुरंग खोदकर बरौनी के गरहरा यार्ड से रेल के एक पूरे इंजन को ही गायब कर दिया है. इससे पहले चोरों ने रोहतास में लोहे का पांच सौ टन वजनी पुल को ही चुरा लिया था. मुजफ्फरपुर में एक कबाड़ की दुकान से बरामद किए गए कई बैग में ट्रेन के इंजन के पुर्जे भरे हुए मिले हैं.
पटना पुलिस ने गुरुवार को कहा कि चोरों का गिरोह बिहार में डीजल व पुरानी ट्रेनों के इंजन को चुरा रहा है. स्टील के पुलों को तोड़ रहा है, इससे पुलिस परेशान है. पुलिस के मुताबिक पिछले सप्ताह बरौनी के गरहारा यार्ड में मरम्मत के लिए लाए गए ट्रेन के पूरे डीजल इंजन को एक गिरोह ने चुरा लिया था. चोरों ने इंजन को चुराने के लिए सुरंग खोद डाली थी. गिरोह ने एक बार में कुछ पुर्जे चुराकर इसे हासिल किया.
पहली खोज तब हुई जब पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया और उनकी सूचना के आधार पर उन्होंने मुजफ्फरपुर की प्रभात कॉलोनी स्थित एक कबाड़ के गोदाम से इंजन के पुर्जों की 13 बोरियां बरामद कीं.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि हैरान करने वाली बात यह थी कि हमने यार्ड के पास एक सुरंग का पता लगाया, जिसके माध्यम से चोर आते थे और इंजन के पुर्जों को चुरा लेते थे और उन्हें बोरियों में भरकर ले जाते थे