नई दिल्ली :- अभिनेता उत्कर्ष शर्मा ने पिता अनिल शर्मा निर्देशित फिल्म गदर से बतौर बाल कलाकार अभिनय में कदम रखा था। उसके बाद पिता के निर्देशन में बनी फिल्मों जीनियस और गदर 2 में दिखें। अब अगली फिल्म जर्नी भी पिता के ही निर्देशन में कर रहे हैं।वंशवाद के आरोपों पर वह कहते हैं, फिल्मों को लेकर जुनून बचपन से ही रहा है। तो अपना जुनून इसलिए नहीं छोड़ सकता हूं क्योंकि किसी को यह वंशवाद लगता है। आलोचना निष्पक्ष हो तो सीखने को मिलता है। व्यर्थ की नकारात्मकता से मुझे फर्क नहीं पड़ता।
पिता के निर्देशन में अगली फिल्म करने को लेकर उत्कर्ष कहते हैं, हां, कहानी लिखे जाने के समय से मैं इससे जुड़ा था। कहानी की मांग थी कि मेरी आयु का अभिनेता हो। उस भूमिका को मैं समझ गया था। इसलिए आपसी समझ से तय हुआ कि नायक की भूमिका मैं ही निभाऊंगा।
उत्कर्ष शर्मा ने फिल्म गदर 2 में सनी देओल के बेटे का किरदार निभाया था। फिल्म में अमीषा पटेल उनकी मां की भूमिका में थी। तारा सिंह और सकीना की लव स्टोरी वाली गदर ने साल 2000 में खूब धमाल मचाया था। 22 साल बाद जब इसका सीक्वल बीते साल रिलीज हुआ, तो एक बार फिर दर्शकों का वहीं क्रेज देखने को मिला। ओपनिंग डे से थिएटर्स के बाहर फैंस की भीड़ इकट्ठा होने लगी थी।
गदर 2 में उत्कर्ष शर्मा अहम किरदार में थे, लेकिन लाइम लाइट तो सनी देओल ही लूट ले गए। तारा सिंह को एक बार फिर पर्दे पर देखना का क्रेज फैंस के बीच नजर आया। गदर 2 देखने के लिए लोग ट्रक से लेकर ट्रैक्टर तक, सवारी करके पहुंचे थे।
