दुमकाः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने दो दिवसीय दौरे पर आज सोमवार 30 अक्टूबर को अपनी कर्मभूमि और संतालपरगना के प्रमंडलीय मुख्यालय दुमका आ रहे हैं। मुख्यमंत्री राज्य निर्माण के बाद निर्मित सबसे लम्बे पुल को जनता को समर्पित करेंगे। दुमका विधानसभा क्षेत्र की जनता की चिर अपेक्षित मांग पर 198.11 करोड़ की लागत से पांच साल में 2.34 किलोमीटर यानी पहुंच पथ सहित लगभग 2800 मीटर लम्बे इस पुल का निर्माण किया गया है। मसानजोर डैम के जल संग्रहण क्षेत्र में शुमार मयूराक्षी नदी में दुमका के कुमड़ाबाद से मसलिया प्रखंड को जोड़ेगा। जो राज्य में अभी निर्मित पुलों में सबसे लम्बी पुल होगा। जानकारी के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में 12 फरवरी 2018 को इस पुल की आधारशिला रखी गयी थी और कार्य प्रारंभ किया गया था। दो साल कोराना काल में पुल निर्माण का कार्य धीमी गति से चलता रहा। इसके बाद सीएमहेमंत सोरेन और दुमका के झामुमो विधायक बसंत सोरेन की पहल पर इस पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाकर इस साल मार्च 2023 में ही कार्य पूर्ण कर लिया गया।
सेल्फी ब्रिज के नाम से प्रसिद्ध हुआ पुल
यह पुल इस क्षेत्र में सेल्फी ब्रिज के नाम से जाना जाने लगा। हर दिन दुमका सहित आसपास के इलाकों से भारी तादाद में लोग इस पुल के साथ यहां के मनमोहक प्राकृतिक छटा को देखने पहुंचते हैं। इस उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कार्य पूर्ण किये जाने से दुमका से मसानजोर, मकरमपुर और मसलिया प्रखंड की दूरी घट कर महज 15 किलोमीटर रह जायेगी। इसके साथ ही मयूराक्षी नदी और मसानजोर डैम के उस पार बसे दर्जनों गांवों के लोगों के लिए जिला मुख्यालय आना- जाना सुगम हो जायेगा। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के इस त्योहारी मौसम में यह चिर अपेक्षित सौगात मिलने से दुमका सहित संतालपरगना के लोग बेहद खुश हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मकरमपुर में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।