मध्यप्रदेश :– इटारसी से एक दिल को छू लेने वाली खबर सामने आई है, जहां एक मुस्लिम युवक ने वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज को अपनी किडनी दान करने की इच्छा जताई है। इस नेक कार्य के लिए युवक ने न केवल अपनी भावनाएं व्यक्त कीं, बल्कि स्थानीय कलेक्टर को औपचारिक रूप से पत्र लिखकर अपनी मंशा जाहिर की।
प्रेमानंद महाराज के कार्यों से प्रभावित
आरिफ खान ने बताया कि वे संत प्रेमानंद महाराज के आध्यात्मिक प्रवचनों और समाजसेवा के कार्यों से गहरे तौर पर प्रभावित हैं। महाराज की सादगी, भक्ति और युवाओं को नैतिक जीवन जीने की प्रेरणा देने वाले संदेशों ने उन्हें यह बड़ा फैसला लेने के लिए प्रेरित किया। आरिफ का मानना है कि इस दान से वे संत के मिशन को और मजबूती प्रदान करने में छोटा सा योगदान दे सकेंगे
चिट्ठी में क्या लिखा?
आरिफ ने चिट्ठी में लिखा, मैं आपके आचरण और व्यवहार को देख कर में बहुत ज्यादा प्रसन्न हूं, और आपके स्वास्थ को लेकर चिंतित भी। आपकी किडनी को लेकर सोशल मीडिया और अखबार के माध्यम से ज्ञात हुआ। आप महाराज हिंदुस्तान में हिन्दू मुस्लिम एकता के प्रतीक हैं, मैं आपको अपनी स्वेच्छा से अपनी किडनी डोनेट करना चाहता हूं, आज ऐसे नफरती माहौल में आप जैसे संतो का संसार में रहना अति आवश्यक है, मैं रहूं या न रहूं आप संसार की जरुरत है, मेरे इस छोटे से तुच्छ से उपहार को स्वीकार करने की कृपा करें।
