मध्यप्रदेश:- कमलनाथ के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगातार जारी हैं. वे कांग्रेस छोड़ भाजपा में जा रहे हैं या नहीं, लेकिन लेकर सस्पेंस बना हुआ है. हालांकि मध्य प्रदेश कांग्रेस नेताओं के बयान ये दर्शा रहे हैं कि कमलनाथ कांग्रेस में ही बने रहेंगे. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कमलनाथ के कांग्रेस में बने रहने की गारंटी दी है.
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आजतक से एक्सक्लूजिव बातचीत की. उन्होंने कहा कि मीडिया में क्या चल रहा आप जानते हैं. ये सिर्फ अफवाहें हैं, ऐसी कोई बात नहीं है. हर चीज का उतार चढ़ाव होता है लेकिन अब इन बातों को विराम मिल सकता है.
उमंग सिंघार ने ली कमलनाथ की गारंटी
सिंघार ने कहा कि कमलनाथ की तरफ से कभी नहीं आया कि वो बीजेपी जॉइन कर रहे हैं. वह इंदिरा गांधी का तीसरा बेटा हैं और वह कांग्रेस के साथ हैं. उमंग सिंघार ने कहा कि जिस प्रकार से उन्होंने अफवाहों को विराम लगाया है, उनकी गारंटी है तो हमारी भी गारंटी है कि वो बीजेपी नहीं ज्वाइन करेंगे.
नकुलनाथ को लेकर कही बड़ी बात
जब उमंग सिंघार से सवाल किया गया कि क्या कमलनाथ बेटे के लिए कोई नई भूमिका चाहते हैं? या अपने लिए कुछ महत्वपूर्ण चाहते हैं, तो इसे लेकर जवाब देते हुए उमंग सिंघार ने कहा कि नकुलनाथ जी सांसद हैं और कांग्रेस में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है.
कांग्रेस ने राम के दर्शन से नहीं रोका
कमलनाथ के राम मंदिर जाने की खबरों पर उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने किसी से नहीं कहा कि राम मंदिर के दर्शन न करे. सबकी आस्था है राम को लेकर, सबका मन है कौन कब जाता है ये अलग बात है, लेकिन आस्था सबकी है.
ये नेता भी कर चुके हैं दावा
उमंग सिंघार से पहले जीतू पटवारी, दिग्विजय सिंह और सज्जन सिंह वर्मा जैसे नेता भी कमलनाथ के बीजेपी में न जाने का दावा कर चुके हैं.
