नई दिल्ली:– हरियाणा के 33 स्थानीय निकायों में छोटी सरकार चुनने की घड़ी आ गई है। स्थानीय निकायों के पहले चरण में आज (रविवार) को होने वाले मतदान में सात निकायों में विभिन्न पदों के लिए उपचुनाव भी होंगे। कुल 40 स्थानीय निकायों में सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।
हालांकि, मतदाताओं को नतीजों के लिए 12 मार्च तक इंतजार करना होगा। नौ मार्च को पानीपत नगर निगम के चुनाव होने हैं, जिसके बाद सभी निकायों के चुनाव परिणाम एक साथ घोषित किए जाएंगे।
अधिकतर निकायों में भाजपा और कांग्रेस की सीधी टक्कर है, जबकि कुछ जगह त्रिकोणीय मुकाबला है। अंबाला और गुरुग्राम में मेयर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के अलावा तीसरा कोई प्रत्याशी चुनावी रण में नहीं है।
नौ नगर निगमों में मेयर पद के लिए 39, पांच नगर परिषदों के प्रधान पद के लिए 27 और 23 नगरपालिकाओं में प्रधान पद के लिए 151 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
ईवीएम से होगा मतदान
राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। जिन स्थानों पर आम चुनाव हैं, वहां मतदान केंद्रों पर दो इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) रखी जाएंगी।
एक ईवीएम पर पार्षद पद के लिए वोट डाला जाएगा, जबकि दूसरी ईवीएम पर मेयर या फिर नगर परिषद-पालिका के प्रधान पद के लिए वोट डाला जा सकेगा। जिन निकायों में उपचुनाव है, वहां सिर्फ एक ईवीएम से ही वोट डलवाए जाएंगे। निगमों में मेयर तथा नगर परिषदों में चेयरमैन और नगर पालिकाओं में अध्यक्ष का प्रत्यक्ष चुनाव होगा।
आज तय होगा प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
चुनावी रण में भाजपा ने मेयर पद के लिए छह महिलाओं को उतारा है तो कांग्रेस ने चार महिलाओं पर दांव खेला है। भाजपा ने गुरुग्राम से राजरानी मल्होत्रा, पानीपत से कोमल सैनी, करनाल से रेणु बाला, फरीदाबाद से प्रवीन जोशी, अंबाला से सैलजा सचदेवा और यमुनानगर से सुमन बहमनी को चुनावी रण में उतारा है।
इसी तरह कांग्रेस ने गुरुग्राम से सीमा पाहुजा, अंबाला से अमीषा चावला, फरीदाबाद में लता रानी और यमुनानगर में किरण देवी पर दांव लगाया हुआ है। भाजपा का तीन नगर निगमों में मेयर पद के लिए अपने ही बागियों से मुकाबला है, जो पाला बदलते हुए कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
कांग्रेस के सूरजमल का बीजेपी के राम अवतार से मुकाबला
कांग्रेस के रोहतक से मेयर प्रत्याशी सूरजमल किलोई ने पिछले विधानसभा चुनाव में कलानौर से टिकट न मिलने पर भाजपा छोड़ दी थी। उनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार राम अवतार वाल्मीकि से है।
करनाल में 2014 में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ चुनाव लड़ चुके कांग्रेस प्रत्याशी मनोज वधवा बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे, लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर फिर कांग्रेस में शामिल हो गए। अब उनका मुकाबला यहां से भाजपा की दो बार की मेयर रेणुबाला से होगा।
गुरुग्राम से कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा भी पहले भाजपा में थी, लेकिन विधानसभा चुनाव में गुरुग्राम से टिकट नहीं मिलने पर पाला बदल लिया। अब उनका मुकाबला भाजपा की राजरानी मल्हौत्रा से है।
चार निगमों में मेयर पद के लिए महिला बनाम महिला मुकाबला
नगर निगम भाजपा कांग्रेस
गुरुग्राम राजरानी मल्होत्रा सीमा पाहुजा
फरीदाबाद प्रवीन जोशी लता रानी
मानेसर सुंदर लाल यादव सरपंच नीरज यादव
अंबाला शैलजा सचदेवा अमीषा चावला
यमुनानगर सुमन बहमनी किरण देवी
हिसार प्रवीन पोपली कृष्ण सिंगला
करनाल रेणु बाला मनोज वधवा
रोहतक रामअवतार वाल्मीकि सूरजमल किलोई
सोनीपत राजीव जैन कमल दीवान
दुकानों, फैक्टरियों सहित इन लोगों को सवैतनिक अवकाश
स्थानीय निकाय चुनाव में मतदान के लिए संबंधित क्षेत्र की दुकानों, फैक्टरियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे लोगों को सवैतनिक अवकाश दिया जाएगा। निजी क्षेत्र के उन्हीं कर्मचारियों को यह अवकाश मिलेगा, जिनके नाम स्थानीय मतदाता सूची में दर्ज हैं। यदि कोई व्यवसायी, दुकानदार अथवा फैक्ट्री मालिक अपने कर्मचारियों को मतदान के लिए सवैतनिक अवकाश नहीं देता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इन निकायों में मतदान
नगर निगम : फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, हिसार, करनाल, पानीपत, रोहतक और यमुनानगर में मेयर के साथ ही पार्षदों के लिए चुनाव होगा। अंबाला और सोनीपत में मेयर पद के लिए उपचुनाव होगा।
नगर परिषद : अंबाला सदर, पटौदी जटोली मंडी, थानेसर और सिरसा में प्रधान और पार्षद पद के लिए मतदान होगा। सोहना नगर परिषद में सिर्फ चेयरमैन पद के लिए उपचुनाव होगा।
नगर पालिकाएं : बराड़ा, बवानी खेड़ा, लोहारू, सिवानी, जाखल मंडी, फरूख नगर, नारनौंद, बेरी, जुलाना, कलायत, सीवन, पूंडरी, इंद्री, नीलोखेड़ी, अटेली मंडी, कनीना, तावडू, हथीन, कलानौर, खरखौदा और रादौर में प्रधान और पार्षद पद के लिए मतदान होगा।
असंध और इस्माइलाबाद में चेयरमैन तथा सफीदों के वार्ड नंबर 14, तरावड़ी के वार्ड नंबर पांच तथा लाडवा के वार्ड नंबर 11 में पार्षद पद के लिए उप चुनाव होगा।
यह दस्तावेज दिखाकर भी डाल सकेंगे वोट
किसी के पास अगर मतदाता पहचान पत्र (वोटर आइडी) नहीं है तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है। पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक या पोस्ट ऑफिस की फोटो युक्त पासबुक, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आरजीआइ (रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया) द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र व राज्य सरकार तथा सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की ओर से कर्मचारियों को जारी फोटो युक्त पहचान पत्र, मनरेगा कार्ड, विधायक व संसद सदस्यों द्वारा जारी आधिकारिक पहचान पत्र, सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्रालय द्वारा जारी विशेष दिव्यांग पहचान पत्र दिखाकर आप वोट डाल सकते हैं।
यह जानना भी जरूरी
5126 मतदान केंद्रों पर पड़ेंगे वोट।
393 संवेदनशील एवं 531 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं जहां अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा।
55 लाख से अधिक लोग मतदान करेंगे।
पानीपत नगर निगम में मेयर पद के चार और पार्षद के लिए 103 प्रत्याशी
पानीपत नगर निगम में मेयर पद के लिए चार तथा 26 वार्डों में पार्षद पद के लिए 103 प्रत्याशी चुनाव मैदान में होंगे। शनिवार को नाम वापसी की समय सीमा खत्म होने के बाद सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आबंटित कर दिए गए। पानीपत नगर निगम में अगले रविवार को मतदान होगा।
