नई दिल्ली:– अवधनगरी के स्वर्णिम इतिहास में एक और अध्याय जुड़ने जा रहा है। गुरुवार को राम मंदिर परिसर में राजाराम समेत 8 देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा के लिए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान के दूसरे दिन बुधवार को विभिन्न अधिवास हुए और उत्सव विग्रहों का परिसर भ्रमण कराया गया। भारत की 21 पवित्र नदियों के जल से सभी देव विग्रहों का अभिषेक किया गया।
इससे पहले बुधवार को प्रातः 6 बजे यज्ञमंडप में 2 घंटे तक देवताओं का पूजन किया गया। अन्नाधिवास सुबह 9 बजे से 9:30 बजे तक संपन्न हुआ। यज्ञमंडप में हवन 9:35 से 10:35 बजे तक चला। 10:40 से 12:40 तक राम दरबार समेत सभी देव विग्रहों का अभिषेक किया गया। जिस मंदिर में देव विग्रह की स्थापना होनी है, वहां भी अभिषेक की प्रक्रिया संपन्न हुई। दोपहर दो बजे से तीन बजे तक उत्सव विग्रहों ने परिसर भ्रमण किया। मुख्य यजमान डॉ. अनिल मिश्र समेत अन्य यजमानों ने चांदी की पालकी में राजा राम के साथ अन्य विग्रहों की पालकी को कंधे उठा कर भ्रमण कराया इस दौरान जय श्रीराम के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज रहा था।
सीएम योगी का जन्मदिन भी है आज
गौरतलब है कि इससे पहले भगवान राम लला की प्राण प्रतिष्ठा मंदिर में की गई थी, राम लला यानि भगवान राम के बाल रूप प्रतिष्ठा हुई थी। अब राजा राम के साथ 8 देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। यह दिन उनके लिए बेहद खास होने वाला है, क्योंकि आज उनका जन्म दिन भी है। गुरुवार को सीएम प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के साथ पर्यावरण से जुड़े कई अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसकी जानकारी एक अधिकारी ने दी।
पांच जून को 11:25 से 11:40 के बीच होगी प्राण प्रतिष्ठा
राम दरबार समेत आठ देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा पांच जून को गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर सुबह 11:25 से 11:40 बजे तक अभिजीत मुहूर्त में होगी। गंगा दशहरा के दिन सिद्ध योग भी बन रहा है। इसी दिन रामेश्वरम की भी प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। सुबह छह बजे से प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान शुरू होगा। सुबह देवताओं का पूजन यज्ञमंडप में किया जाएगा। इसके बाद प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान शुरू होगा। इसमें सीएम योगी आदित्यनाथ समेत पांच सौ से अधिक मेहमान शामिल रहेंगे। पूजन, भोग, आरती के बाद अनुष्ठान का समापन होगा।
सीताराम के लिए पहुंचे सोने-चांदी के बने आभूषण
प्राण प्रतिष्ठा के बाद सीता राम समेत चारों भाइयों व हनुमान जी को आभूषण पहनाए जाएंगे। यह आभूषण सूरत के हीरा व्यापारी ग्रीन लैब के मालिक मुकेश पटेल ने दान किया है। इसके अलावा चारों भाइयों के लिए चार बड़े और तीन छोटे धनुष भी बनाए गए हैं। चार तुणीर, तीन गदा और चॅवर भी बनाए गए हैं। 22 जनवरी को हुई प्राण प्रतिष्ठा में भी मुकेश पटेल ने बालकराम को मुकुट भेंट किया था। वहीं हैदराबाद के रामभक्त श्रीनिवासन ने राम दरबार के लिए 14 किलो चांदी से धनुष बाण निर्मित कर राम मंदिर ट्रस्ट को सौंपा है। इसमें ढाई किलो का सोना भी लगा है।