नई दिल्ली:– कबड्डी विश्व कप 2025 में भारतीय टीम धमाल मचा रही है। इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भारतीय पुरुष टीम ने वेल्स को 93-37 से हराकर फाइनल में एंट्री कर ली है। सेमीफाइनल में भारतीय कबड्डी टीम का काफी आक्रामक देखने मिला। जबकि, वेल्स की टीम उनके सामने फिसड्डी नजर आई। अब भारतीय टीम आज 23 मार्च को फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड से भिड़ेगी।
सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने वेल्स के खिलाफ काफी अच्छा प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा और वेल्स के खिलाड़ी उनके सामने संघर्ष करते नजर आए। भारतीय रेडर्स ने टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अब भारत को फाइनल में उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
इन दिग्गजों के हाथ में कप्तानी
भारतीय टीम फाइनल में इंग्लैंड का सामना करने वाली है। इंग्लैंड ने कबड्डी विश्व कप के सेमीफाइनल में स्कॉटलैंड को 84-36 से हराया था। ऐसे में फाइनल मैच रोमांचक होने की उम्मीद है। बता दें कि पुरुष कबड्डी विश्व कप 2025 के लिए भारतीय टीम के कप्तान मंथिराम अरुमुगम हैं। वहीं, इंग्लैंड की कमान हरदीप सिंह के हाथों में है।
यहां देखें लाइव टेलीकास्ट
जानकारी के लिए बता दें कि पुरुष कबड्डी विश्व कप 2025 में कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया है, जिसमें से भारत और इंग्लैंड ने फाइनल में जगह बनाई है। बाकी 8 टीमें बाहर हो गईं। यह कबड्डी विश्व कप इंग्लैंड में खेला जा रहा है। फैंस इस विश्व कप का सीधा प्रसारण बीबीसी आईप्लेयर, ओलंपिक चैनल, डीडी स्पोर्ट्स और विलो टीवी समेत कई चैनलों के जरिए देख सकेंगे।
महिला कबड्डी विश्व कप 2025 के फाइनल में
गौरतलब है कि महिला कबड्डी विश्व कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम और इंग्लैंड टीम के बीच मुकाबला भी 23 मार्च को होगा। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल में हांगकांग चीन को 53-15 से हराया। वहीं, इंग्लैंड की महिला कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल में वेल्स को 72-25 से हराया। अब दोनों टीमें फाइनल में पहुंच गई हैं।
